फरीदाबाद.आर्थिक तंगी से जूझ रहे नगर निगम के टैक्सेशन ब्रांच की बैठक कर उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर निगम कमिश्नर सोनल गोयल के वाहवाही लूटने के प्रयास पर पूर्व निगम कमिश्नर ने पानी फेर दिया। उनके ट्वीट पर नसीहत देते ह़ुए पूर्व निगम कमिश्नर मोहम्मद शाइन ने उनकी टीम पर ही सवालिया निशान खड़ा कर दिया। उन्होंंने कहा आपकी टीम के सदस्य अव्यावहारिक, अयोग्य एवं करप्ट हैं। खासकर प्लानिंग डिपार्टमेंट के अधिकारी और कर्मचारी। इन्हें आप ठीक कीजिए और नए टैलेंट को आगे लाइए। दो आईएएस अफसरों का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि निगम कमिश्नर सोनल गोयल ने शुक्रवार को निगम के टैक्सेशन ब्रांच के साथ बैठक कर टैक्स वसूली पर जोर दिया। उन्होंने बैठक की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। इसमें लिखा कि रिव्यू मीटिंग रेगुलर की जा रही है। इससे अधूरे विकास कार्यों को रफ्तार मिले और नगर निगम की आर्थिक हालत में सुधार भी हो सके। सोनल गोयल के इस ट्वीट पर पूर्व निगम कमिश्नर मोहम्मद शाइन ने री-ट्वीट कर विवाद को हवा दे दी।

नगर निगम की 200 फाइलों में मिली थी गड़बड़ी
पूर्व निगम कमिश्नर मोहम्मद शाइन के मुताबिक प्लानिंग विभाग की 1100 फाइलों के ऑडिट में करीब 200 फाइलों में गड़बड़ियां पाई गई थीं। फाइलों के साथ छेड़छाड़ करना पाया गया। इन सभी फाइलों में टेंडर डालने की शर्तों का उल्लंघन किया गया है। कई काम बगैर टेंडर जारी किए ही उनका भुगतान हो गया। प्लानिंग विभाग की कई फाइलों में ईडीसी, आईडीसी और कनवर्जन चार्ज तक नहीं वसूला गया।
कौन कितना ईमानदार, सबको पता है : सीनियर टाउन प्लानर
कौन कितना ईमानदार है सबको पता है। सरकार योग्यता के आधार पर ही नौकरी और प्रमोशन देती है। यदि निगम के अधिकारी अयोग्य हैं तो यह देखना सरकार का काम है। पूर्व कमिश्नर ने प्लानिंग विभाग की फाइलों की जांच करा ली, फिर भी कुछ हासिल नहीं हुआ। इस तरह की बात ट्वीट करना सिर्फ अधिकारी को भड़काना है।
-महिपाल सिंह, सीनियर टाउन प्लानर प्लानिंग विभाग, नगर निगम
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2OFBymN
via IFTTT