कोरोना वॉरियर में बेटियां भी शामिल हैं। संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं से लेकर प्रशासनिक अफसर तक। आज बात पानीपत की ब्लॉक डिवेलपमेंट पंचायत ऑफिसर (बीडीपीओ) रितु लाठर की। जो 15 दिनों से लगातार ड्यूटी कर रही हैं। घरौंडा की रहने वाली रितु को पेरेंट्स रोज टोकते हैं, क्या जरूरत है रोजाना ड्यूटी जाने की। रितु का एक ही जवाब होता है-”नौकरी तो रूटीन में करती ही हूं, अभी तो सेवा का मौका मिला है। आपने बेटी को पब्लिक सर्विस में उतारा है, जाना तो पड़ेगा। मौका मिल रहा है कुछ करने का। इसके बाद नींद भी आती है और सुकून भी मिलता है। इसलिए, रुक नहीं सकती।’
आज समाज को हमारे सहारे की जरूरत है
“एक्सीडेंट के कारण बेशक मुझे बैसाखी का सहारा लेना पड़ा, लेकिन आज समाज को हमारे सहारे की जरूरत है। रोजाना पेन किलर (दर्द निवारक दवा) लेती हूं, लेकिन ड्यूटी नहीं छोड़ती। घर हो या ऑफिस, सुबह से रात तक लॉकडाउन से प्रभावित लोगों को सहायता पहुंचाने की कोशिश रहती है। सरपंचों के माध्यम से पंचायत में लॉकडाउन को पूरी तरह से लागू करने का प्रयास रहता है। इसी के तहत पंचायतों में ठीकरी पहरा लागू कराया। ग्रामीणों की कुछ शिकायत रहती है कि शरारती तत्व शाम को दारू बेचते हैं। बुधवार को रामनगर और ददलाना में पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई कराई।
बीडीपीओ के बारे में
मूल रूप से घरौंडा के डींगर माजरा की रहने वाली बीडीपीओ रितु लाठर अविवाहित हैं। वह घरौंडा में अपने माता-पिता और भाई के साथ ही रह रही हैं। दिल्ली से मास्टर डिग्री के साथ ही लॉ ग्रेजुएट भी हैं।
लोगों की मदद के लिए बूथ लेवल पर बनाई कमेटी
लॉकडाउन का पालन हो और लोगों को मदद मिले, इसलिए हर बूथ लेवल पर गांव में यूनिट कमेटी बनाई है। जिसकी मॉनिटरिंग के लिए सेक्टर यूनिट फिर जोनल कमेटी बनाई। चूंकि मेरे पास सनौली खुर्द का अतिरिक्त प्रभार भी है। इसलिए पानीपत में जहां 102 यूनिट कमेटी, 9 सेक्टर कमेटी और एक जोनल कमेटी बनाई है। इसी तरह से सनौली खुर्द में 51 यूनिट कमेटी, 3 सेक्टर कमेटी और एक जोनल कमेटी बनाई है। इससे काम आसान हो गया है।-रितु लाठर, बीडीपीओ, पानीपत।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2y24b94
via IFTTT