कोरोना के चलते लॉकडाउन में धार्मिक स्थल आम लोगों के लिए बंद हैं, फिर भी गुपचुप लोग जा ही रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग अब सभी धार्मिक स्थलों से संपर्क कर रहा है। ताकि इनसे बार-बार उद्घोषणा हो कि कोरोना अभी गया नहीं है, इससे बच कर रहें। विभाग ने डॉ. बलविंद्र कौर को धार्मिक नेताओं के साथ बातचीत के लिए जिला नोडल अधिकारी बनाया है। डॉ. कौर ने शुक्रवार को गुरुद्वारा लखनौर साहिब में जाकर कोरोना को लेकर जागरूक किया।
कई धार्मिक संस्थाएं लगातार आवाज उठा रही हैं कि जैसे बाजारों को खोल दिया गया है, वैसे ही धार्मिक स्थलों को खोला जाए। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस पर तो प्रशासन ही कोई एडवाइजरी जारी करेगा लेकिन इतना तय है कि लोगों को समझना होगा कि कोरोना का खतरा टला नहीं है। जरा सी लापरवाही से फिर संकट पैदा हो सकता है। इस वजह से सभी प्रमुख गुरुद्वारों व मंदिरों में जाकर प्रबंधन को भी जागरूक किया जाएगा। जैसे गुरुद्वारे में माथा टेकने वाली संगत को सिर ढकना जरूरी है। अकसर लोग गुरुद्वारा परिसर में रखे पटके का ही बार-बार इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा निशान साहिब की दहलीज को छूते हैं। डॉक्टरों का मानना इससे संक्रमण का खतरा बराबर रहता है। इसलिए उन सभी जगहों को नियमित सेनिटाइज या हाइड्रो क्लोराइड का स्प्रे करने की हिदायत दी जा रही है, जहां लोग बार-बार छूते हैं। हालांकि ज्यादातर गुरुद्वारों में लंगर नहीं परोसा जा रहे लेकिन लंगर बनाने वाली जगह को बार-बार सेनिटाइज करने की जरूरत बताई है। उल्लेखनीय है कि ऐतिहासिक गुरुद्वारे पंजोखरा साहिब, मंजी साहिब समेत सभी बड़े गुरुद्वारों में बहुत कम संगत आ रही है। पहले रविवार को हजारों लोग मत्था टेकने पहुंचते थे।
आभासी टेस्टिंग सफल, अब अनुमोदन के लिए भेजा
सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि सेक्टर-10 के पॉलीक्लिनिक की लैब में कोरोना के आभासी (ट्रायल) परीक्षण सफल हुए हैं। अब आईसीएमआर से मंजूरी के लिए लिखा गया है। जिले में अभी तक 4,708 लोगों को सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 4,420 की रिपोर्ट निगेटिव आई। अभी 250 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है। शुक्रवार को 1,233 प्रवासी श्रमिकों को मेडिकल सर्टिफिकेट जारी किए गए। अब तक 13,189 श्रमिकों को फिटनेस सर्टिफिकेट जारी हुए हैं। जिनमें से ज्यादा यूपी-बिहार जा चुके हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gf85NO
via IFTTT