हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड की मार्च 2019 में हुई 10वीं व 12वीं की वार्षिक परीक्षा में जिन प्राइवेट स्कूलों के टीचर ड्यूटी से गैर हाजिर रहे थे, उन स्कूलों पर बोर्ड ने 5-5 हजार रुपए जुर्माना लगाया है। बोर्ड की वेबसाइट पर प्रदेश के 231 स्कूल की लिस्ट जारी हुई है, जिसमें से 11 अम्बाला जिले के हैं। बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह का कहना है कि प्राइवेट स्कूलों को इस संबंध में पहले ही चेताया गया था। पिछली बार भी प्राइवेट स्कूलों पर जुर्माना लगाया था, हालांकि बोर्ड ने नरमी बरती थी और जिन स्कूलों ने जुर्माना नहीं दिया था, उनके स्कूलों के बच्चों को रोल नंबर भी जारी कर दिए गए थे। इस बार बोर्ड सभी को मैसेज भी भेज रहा है और वेबसाइट पर स्कूलों की लिस्ट भी जारी की है। जुर्माना 25 मई तक भरा जा सकता है।
सही समय पर सूचना नहीं मिली, स्कूल की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं : लक्ष्मीदेवी आर्य स्कूल
कैंट के रामबाग रोड स्थित लक्ष्मीदेवी आर्य गर्ल्स स्कूल हाई स्कूल की हेड मोनिका ने बताया कि स्कूल की पहले से ही आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। स्कूल में कंप्यूटर न होने के चलते हमें सही समय पर पर्यवेक्षक के तौर पर जाने की जानकारी सही समय नहीं मिल पाई। जो प्राइवेट टीचर्स हैं वे तो खुद पर्यवेक्षक के तौर पर जाने के इच्छुक होते हैं, क्योंकि इससे दो पैसे उनके बनते ही हैं। वेबसाइट पर मेरा नंबर अपडेट नहीं है जो सूचना आती है वह पुरानी प्रिंसिपल के नंबर पर ही जाती है।
सभी स्टाफ को तो नहीं भेज सकते, स्कूल में भीपरीक्षा करानी होती है : सेवा समित स्कूल
कैंट के सेवा समिति गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी की प्रिंसिपल पूनम आनंद ने बताया कि सुपरवाइजर के तौर पर जाने की सूचना स्कूल के सभी स्टाफ को दी जाती है। लेकिन सारा स्टाफ कैसे जा सकता है क्योंकि खुद के स्कूल में भी तो एग्जाम कराने होते हैं। इस मामले में एक-दो टीचर रिजर्व थे वो नहीं गए, एक-दो टीचर्स मैटरनिटी लीव पर भी थीं, बाकी तो सभी गए थे। कई बार बीमारी की वजह से कोई टीचर्स नहीं जा पाता। इस केस में सीएमओ का मेडिकल देना होता जो कि छोटी-मोटी बीमारी के चलते उनसे सर्टिफिकेट लेना संभव नहीं होता।
इन स्कूलों पर शिक्षा बोर्ड ने लगाया जुर्माना
l हिम शिखा हाई स्कूल, श्याम नगर, कैंट
l लक्ष्मीदेवी आर्य गर्ल्स हाई स्कूल, राम बाग रोड, कैंट
l सेवा समिति गर्ल्स सीसे स्कूल, कैंट
l एएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिटी
l श्री जीआरएसडी सीसे स्कूल, सिटी
l एनआरएम हाई स्कूल, नारायणगढ़
l एमएम मॉडर्न एजुकेशन हाई स्कूल, तंदवाल
l महर्षि दयानंद हाई स्कूल, बड़ी बसी
l हरीश चंद्र सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तंदवाल
l श्रृद्धा विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हसनपुर
l सरस्वती हाई स्कूल, कड़ासन
हमारी कोई टीचर अनुपस्थित नहीं : हिम शिखा स्कूल
बब्याल रोड के श्याम नगर में स्थित हिम शिखा स्कूल के हेड ओम प्रकाश भट्ट ने बताया कि मार्च-2019 की परीक्षा में उनके स्कूल का कोई भी टीचर अनुपस्थित नहीं था। इसके बावजूद हमें जुर्माना भेज दिया गया है। इस संबंध में पिछली बार मेरी हरियाणा बोर्ड चेयरमैन से बात भी हुई थी। उन्होंने कहा था कि आप जमा करा दिजिए। बाद में रिफंड हो जाएंगी। लेकिन विभाग की ओर से दोबारा 5000 रुपये जमा कराने की सूचना मिली है। क्या करें जमा तो कराने ही पड़ेंगे नहीं तो बोर्ड बच्चों के रोल नंबर रोक लेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ef9thB
via IFTTT