जिले में सोमवार तक कुल 94 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। जिले में मिले केसों की स्टडी करने के बाद यह बात सामने आई है कि ज्यादातर केस में महिलाओं के अपने मायके से ससुराल आने या अपने किसी रिश्तेदार से मिलकर आने के बाद वह संक्रमित हुईं। इनमें काफी महिलाएं दिल्ली एरिया से अपने मायके या ससुराल से होकर वापस आए तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
ज्यादातर मामले मायके से होकर आने के हैं। वहीं कुछ केस ऐसे हैं, जोकि लंबे समय से शहर छोड़कर दूसरे राज्यों व शहर में बसे लोग यहां वापस आए तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई और जिले का कोरोना का आंकड़ा बढ़ता रहा। इसी तरह से एक-दो केस ननिहाल में आने वाले अाैर अन्य रिश्तेदारों के यहां होकर आने से भी जुड़े हैं।
कहीं मां-बेटा तो कहीं दादी-पोता मिले पॉजिटिव, जरूरी हो तभी निकलें घर से बाहर
- गांव बीघड़ में काफी समय से मायके में रह रही एक महिला 24 मई को अपने ससुराल दिल्ली में गई थी। 29 मई को भाई लेने के लिए दिल्ली गया और गाड़ी में उसी दिन लेकर आया। उस दिन सैंपल लिए गए, जिसमें महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यह महिला शिक्षा विभाग में एबीआरसी कार्यरत है।
- फतेहाबाद के लाजपत नगर में दिल्ली से अपने मायके आई महिला कोरोना पॉजिटिव मिली।
- फतेहाबाद शहर की अग्रवाल कॉलोनी में दिल्ली से अपने मायके आई महिला पॉजिटिव मिली।
- टोहाना के हरपाल चौक की महिला अपनी बहन के साथ (दोनो जेठानी-देवरानी भी हैं) आगरा में अपने मायके गई थी। इसमें एक महिला कोरोना संक्रमित मिली।
- गांव एमपी रोही में दिल्ली से अपने दामाद के घर आई महिला कोरोना पॉजिटिव मिली। दामाद भी कोरोना पॉजिटिव हो गया। कई साल पहले दिल्ली रहकर वापस पहुंचे लोग भी पॉजिटिव मिले
- फतेहाबाद की सोमा सिटी में उद्योगपति के परिवार के तीन लोग पॉजिटिव मिले थे। जो तीनों पॉजिटिव मिले, वह लंबे समय से दिल्ली में ही रहते थे, वहीं पर जींस व कपड़ों का काम करते थे। कोरोना के बीच फतेहाबाद लौटे तो पॉजिटिव रिपोर्ट आई।
- वार्ड नंबर 10 में भी एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ दिल्ली से आया, खुद संक्रमित मिला। जबकि वह लंबे समय से दिल्ली में ही रह रहा था, कोरोना के चलते घर वापस आया था।
- कई साल पहले फतेहाबाद छोड़ कर दिल्ली में बसा एक परिवार इस सप्ताह वापस आ गया। आते ही उनके सैंपल लिए गए तो मां-बेटा कोरोना संक्रमित मिले।
- गांव भोडी में 12 साल का एक बच्चा कोरोना पॉजिटिव मिला। यह बच्चा मुंबई से अकेले ही ट्रेन के जरिए यहां आया था।
- बोस्ती की एक महिला परिवार के सदस्यों के साथ मुंबई अपनी बहन के घर गई थी, वापस लौटे तो महिला व उसके दो रिश्तेदार कोरोना पॉजिटिव मिले।
- जमालपुरशेखां में दिल्ली में बेटे से मिल कर आई महिला व उसका पोता पॉजिटिव मिला।
- फतेहाबाद की भाटिया कॉलोनी में पॉजिटिव मिला बुजुर्ग दिल्ली से अपने बेटे से मिलकर आया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Z5IQWu
via IFTTT