73 दिन में 102 संक्रमित थे, बीते सिर्फ 11 दिन में आए नये 101 केस

कोरोना की चेन तेजी से बढ़ रही है। सेक्टर 16-17 में 30 मार्च को पहला पॉजिटिव केस सामने आया था। बीते 10 जून तक यानि 73 दिन में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 102 तक पहुंची थी। वहीं कोरोना ने महज 11 दिन यानि 21 जून तक 101 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इन रोगियों के बढ़ने का मुख्य कारण दिल्ली, मुंबई, गुरुग्राम सहित अन्य हॉट स्पॉट जिलों व राज्यों से आने वाले लोग हैं।

अभी कोरोना की दूसरी स्टेज यानी काॅन्टेक्ट टू काॅन्टेक्ट चल रही है, जिसकी तीसरी स्टेज कम्युनिटी ट्रांसमिशन है। माह में 12 हजार और प्रतिदिन करीब 400 केस सामने आ सकते हैं। इसलिए कोरोना की हाई स्पीड पर ब्रेक लगाने के लिए सतर्क और सजग होकर सोशल डिस्टेंसिंग अपनाए। मास्क पहनें और बाहर आते-जाते समय हाथों को धोएं।

न्यूजीलैंड, आस्ट्रेलिया से आए 13 स्टूडेंट्स के सैंपल लिए
पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष पचार और एलटी राकेश ने एचएयू फैकल्टी हाउस में न्यूजीलैंड व आस्ट्रेलिया ट्रेवल हिस्ट्री वाले 13 स्टूडेंट्स के सैंपल लिए। रेलवे काॅलोनी में चार और जिंदल काॅलोनी में 2 सैंपल लिए हैं।

13 साल का बच्चा संक्रमित
सोमवार को एक पॉजिटिव केस सामने आया। यह हांसी के सेक्टर 6 में 13 साल का बच्चा है। इसकी ट्रेवल हिस्ट्री गुरुग्राम की है। खांडाखेड़ी में एक केस मिला है। यह व्यक्ति फरीदाबाद से जींद पहुंचा, जहां सैंपल दिया था। हालांकि यह केस कहां काउंट होगा, इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के अपडेट आंकड़ों का इंतजार है। वहीं, करीब 150 लोगों की रिपोर्ट्स निगेटिव आई है।

सिविल सर्जन ने जिंदल अस्पताल का निरीक्षण किया
सिविल सर्जन डॉ. जया गोयल ने सोमवार को डीसीएचसी जिंदल अस्पताल के कोविड वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां दाखिल मरीजों का हालचाल जाना। उनसे पूछा कि इलाज में कोई दिक्कत तो नहीं आ रही है। खाने में क्या-क्या मिलता है। दवाई ठीक टाइम पर मिल रही है या नहीं। इसके अलावा रोगियों को योग करने, पौष्टिक आहार का सेवन करने और गुनगुना पानी पीने की सलाह दी। इस दौरान उनके साथ अस्पताल के अधिकारी मौजूद थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3drE0Ys
via IFTTT