कोरोना को लेकर 25 प्रतिशत से अधिक लोगों में भ्रांतियां हैं। इन मिथकों के प्रभाव जानने के लिए पीजीआई रोहतक ने रिसर्च की है। इसके आधार पर 18 मिथकों का फॉर्मेट बनाकर 18 से 60 वर्ष तक के 100 लोगों से सवाल पूछे गए। सर्वे में सामने आया कि 27 फीसदी लोग मानते हैं कि कोराेना से मौत होना तय है। 11 फीसदी भ्रम में हैं कि मौसम में तापमान बढ़ने पर कोरोना वायरस खुद खत्म हो जाएगा। डॉक्टर लोगों को सलाह दे रहे हैं कि इस प्रकार की भ्रांतियों में पड़ने की बजाए लोग डॉक्टर की सलाह को महत्व दें।
21% बोले- गरारे से कोरोना खत्म हो जाएगा
पीजीआई मेडिकल कॉलेज के जनरल कम्युनिटी मेडिसन के विभागाध्यक्ष डॉ. आरबी जैन के निर्देशन में कोविड-19 रैपिड रिस्पांस टीम की मेंबर व एमडी मेडिसन सीनियर रेजीडेंट चिकित्सक डॉ. शीबा सेठी ने 100 लोगों से सवाल कर 19 अप्रैल को रिपोर्ट तैयार की है। डॉ. शीबा सेठी के अनुसार-
- 27% ने कहा कि किसी व्यक्ति को यदि कोरोना वायरस का संक्रमण होता है तो उसकी मौत निश्चित है।
- 21% ने कहा कि रोजाना गरारे या माउथ वॉश करने से वायरस अटैक का खतरा कम हो जाता है।
- 13% लोगों ने कहा कि खूब गरम पानी पीने से कोरोना संक्रमण खत्म हो जाता है।
- 11% ने कहा कि तापमान बढ़ने से वायरस का असर स्वत: खत्म हो जाएगा।
- 5-10% लोगों में बाकी सवालों के जवाबों में जागरूकता की कमी सामने आई। अब इन आंकड़ों को आधार बनाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा
सोशल मीडिया पर गलत मैसेज से फैल रहे मिथक
पीजीआई कोविड-19 टीम की मेंबर डॉ. शीबा सेठी ने कहा कि साेशल मीडिया पर भ्रम फैलाने वाले मैसेज फारवर्ड हो रहे हैं, जिससे लोगों में कोरोना के मिथकों की संख्या बढ़ रही है। मिथक इस कदर हैं कि पानी में अल्कोहल डालकर नहा रहे हैं। 10 सेकेंड तक सांस न रोक पाने वाले को कोरोना मरीज घोषित कर रहे हैं। भ्रम या अफवाह फैलाने वाले गलत मैसेज सोशल मीडिया पर शेयर न करें। इससे लोगों में बेवजह तनाव फैलता है। वहीं, इसका मिलकर सामना करना है।
इन 18 बातों को लेकर लोगों में भ्रांतियां
1. गरम पानी पीने से कोरोना से बचाव हो सकता है?
2. डिसइंफेक्टेंट और विशेष साबुन से हाथ धोने से बचाव होगा?
3. कोरोना वायरस से मौत तय है?
4. केवल बुजुर्गों को ही कोरोना वायरस होता है?
5. शराब पीने से संक्रमण नहीं होता?
6. लगातार गरारे करते रहने से कोरोना वायरस नहीं होता?
7. बच्चों काे खतरा कम हाेता है?
8. अत्यधिक गर्मी में खत्म होगा?
9. चाय पीकर बचा जा सकता है?
10. गिलाेई, हल्दी, तुलसी का काढ़ा पीने से वायरस से बचाव संभव है?
11. कोरोना हवा में फैलता है?
12. विटामिन सी के प्रतिदिन सेवन से वायरस अटैक से बच सकते हैं?
13. लहसुन खाने से काेरोना वायरस नहीं होगा?
14. गरम हवा को नाक के छेद में मारने से वायरस नष्ट होता है?
15. एल्कोहल शरीर पर छिड़कने से संक्रमण नहीं होता है?
16. कोरोना वायरस पालतू जानवरों से फैल सकता है?
17. मच्छर वायरस फैला रहे हैं?
18. 10 सेकेंड तक सांस राेकने में सक्षम व्यक्ति में काेराेना संक्रमण नहीं हाेता है?
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3bqVvbe
via IFTTT