दो दिन से मिलिट्री अस्पताल में भर्ती 27 वर्षीय युवती की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के लिए शव सिविल अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टरों ने कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह का कहना है कि शंका मिटाने के हम ऐसे मामलों में सैंपल जांच के लिए भेजते हैं। अभी शव को कैंट सिविल की मोर्चरी में रखा गया है।
बताते हैं कि युवती को बुखार की शिकायत के बाद भर्ती कराया था। कैंट अस्पताल के सैंपल टीम के नोडल अधिकारी डॉ. शील पजनी के मुताबिक मरीज की हिस्ट्री आर्मी अस्पताल में ही है। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही शव परिजनों को दिया जाएगा।
78 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, परिजन बोले-उपचार देने की बजाय कोरोना टेस्ट में उलझाए रखा : स्टाफ रोड पर सिया वाटिका के पास रहने वाले 78 वर्षीय नरेश अग्रवाल की शुक्रवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई। उनको कुछ दिनों से सांस लेने में तकलीफ थी। परिवार सदस्य बुधवार ही उन्हें पंचकूला अलकेमिस्ट अस्पताल में इलाज के लिए लेकर गए थे, मगर वहां डॉक्टरों ने यह कहकर भर्ती करने से इंकार कर दिया कि पहले कोरोना टेस्ट कराकर लाओ। नरेश अग्रवाल के बेटे संदीप अग्रवाल ने बताया कि उनके पिता का पहले भी अलकेमिस्ट अस्पताल से इलाज चल रहा था। लॉक डाउन के दौरान उनके पिता की तबीयत खराब हुई तो कार में लेकर पंचकूला अस्पताल गए थे। वहां भर्ती नहीं किया तो वीरवार दोपहर बाद कैंट सिविल अस्पताल में पिता का कोरोना टेस्ट कराने गए, लेकिन स्टाफ ने शुक्रवार सुबह आने को कहा। शुक्रवार सुबह ही तबीयत बिगड़ गई। फिर सिविल अस्पताल लेकर गए गए। कैथ लैब में भर्ती किया। संदीप अग्रवाल ने बताया कि यदि पंचकूला में ही पिता को एडमिट कर लिया जाता तो उनके पिता का जीवन बच सकता था।
दूसरी तरफ कैंट सिविल अस्पताल के सैंपल टीम के नोडल अधिकारी डॉ. शील पजनी का कहना है कि मरीज की कोई ट्रैवल हिस्ट्री या सिमटम नहीं थे। शुक्रवार को जब बुजुर्ग को लाया गया तो उनकी मौत हो चुकी थी। पता चला है कि उन्हें कुछ साल पहले 2 स्टंट लगे थे। इमरजेंसी में डॉक्टर ने देखा था। वैसे भी अस्पताल में 4 बजे तक सैंपल लिए जाते हैं और किसी भी मरीज को सैंपल लेने से मना नहीं किया गया।
अब तक 1,217 सैंपल लिए, 1,066 की रिपोर्ट निगेटिव, अभी कोई एक्टिव केस नहीं
स्वास्थ्य विभाग का फोकस अब कोरोना जांच के लिए सैंपलों की संख्या बढ़ाने पर हो गया है। शुक्रवार को रिकॉर्ड 140 सैंपल लिए गए। 26 मार्च को अम्बाला में कोरोना का पहला केस आने के बाद से अब तक एक दिन में इतनी संख्या में सैंपल लिए जाने का यह रिकॉर्ड है। वीरवार को 91 सैंपल लिए थे। सभी की रिपोर्ट निगेटिव है। अभी तक कुल 1,217 सैंपल लिए जा चुके हैं। इस वक्त अम्बाला में कोरोना का कोई एक्टिव केस नहीं है। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को कैंट से 57, सिटी से 49, शहजादपुर से 18, नारायणगढ़ व मुलाना से 7-7 और मिलिट्री अस्पताल से 2 सैंपल लिए। 96 मोबाइल टीमों ने 29,452 लोगों की स्क्रीनिंग की। 57 में फ्लू जैसे लक्षण मिले, इनमें से 19 का कोरोना सैंपल लिए गए। कैंट व सिटी की 30 सफाई कर्मियों के भी सैंपल लिए गए हैं।
आरोग्य सेतु एप में डेढ़ लाख रजिस्टर्ड, 3,900 ने खुद को अस्वस्थ बताया
जिले में डेढ़ लाख लोगों ने आरोग्य सेतु एप पर रजिस्टर किया है। जिनमें से 3,900 ने खुद को अस्वस्थ घोषित किया। स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों को ट्रैक किया। 1 मरीज टीबी से ग्रस्त मिला। किसी में भी कोविड19 के लक्षण नहीं मिले।
डॉक्टरों को फ्लू लक्षण की सूचना देनी होगी
डिस्ट्रिक्ट डाइजेस्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की मीटिंग हुई। जिसके बाद आईएमए को निर्देश दिए गए कि सभी प्राइवेट क्लीनिक या अस्पताल में आने वाले आईएलआई व एसएआरआई (फ्लू जैसे लक्षण) वाले मरीजों की सूचना सीएमओ ऑफिस में बिना देरी देनी होगी।
सतर्कता छुट्टी से आए आर्मी जवानों की हो रही जांच
अम्बाला कैंट में आर्मी ने प्रो-एक्टिव कदम उठाते हुए आर्मी एरिया ने क्वारेंटाइन सेंटर बनाए हैं। छुट्टी से या बाहर से आने वाले फौजियों के टेस्ट होंगे। सेना ने पहले ही कंटोनमेंट एरिया के कई रास्तों को ब्लॉक करके एक ही रास्ता आवागमन के लिए छोड़ा है।
अब डॉक्टर शीशे के पीछे खड़े होकर लेंगे कोरोना का सैंपल
डिपार्टमेंट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन हरियाणा द्वारा तैयार किए गए कोरोना सैंपल कलेक्शन कियोस्क का डेमो गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के सामने हुआ। अभी 2 सैंपल कलेक्शन कियोस्क तैयार किए गए हैं जोकि कैंट सिविल अस्पताल में लगाया जाएगा। इसके बाद अन्य अस्पतालों में इन्हें लगाया जाएगा। डॉक्टरों द्वारा मरीजों का सैंपल अब सीधे सामने से लेने की बजाय कियोस्क में लगे शीशे के पीछे खड़े होकर लिया जाएगा। शीशे में रबर के दस्ताने नुमा हाथ हैं जिनमें हाथ डालकर सामने मरीज का सैंपल लिया जाएगा। डॉक्टर व मरीज के बीच शीशा रहेगा जिससे संक्रमण फैलने की संभावना घटेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cMvmUM
via IFTTT