सिटी में सेनिटाइजेशन की तो कैंट में लंगर और राशन बांटने की होड़

कोरोना संकट के दौर में नेताओं में जनसेवा का कंपीटिशन चल रहा है। हालांकि तरीके अलग-अलग हैं। जैसे अम्बाला सिटी से भाजपा विधायक असीम गोयल सेनिटाइजेशन टनल लगाने, सेनिटाइजर बांटने से लेकर मशीनों से स्प्रे कराने के लिए अपने एनजीओ मेरा आसमान का बैनर इस्तेमाल कर रहे हैं। एनजीओ के नाम पर दानी लोग चेक भी दे रहे हैं। वहीं 10 साल सिटी के विधायक रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा ने भी अपनी टीम सेनिटाइजेशन स्प्रे के लिए मैदान में उतारा है। शर्मा की ओर से उतारी गई टीम तीन मशीनों की मदद से कॉलोनियों में जाकर सेनिटाइजेशन स्प्रे कर रही है।
गलियों के साथ साथ घरों के बाहर से भी सेनिटाइजेशन किया जा रहा है। शर्मा के निजी सचिव नरेश सहगल ने बताया कि बुधवार को अभियान शुरू किया था। छोटी व बड़ी घेल, लहारसा, समेत कई ग्रामीण एरिया में दवाई का छिड़काव किया। दूसरी तरफ लोगों को मास्क बांटे गए। शर्मा ने विश्वास दिलाया है कि सिटी के लोगों को किसी तरह की समस्या नहीं आने दी जाएगी। कांग्रेस से बागी होकर हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट में शामिल हुए हिम्मत सिंह की टीम सूखा राशन बांट रही है। हालांकि हिम्मत प्रचार से दूरी बनाए हुए हैं।
इसी तरह कैंट में भी नेताओं में राशन व भोजन बांटने का मुकाबला है। गृह मंत्री अनिल विज ने सबसे पहले अग्रवाल धर्मशाला में राशन वितरण सेंटर बनाया। जहां भाजपा के मंडल प्रधानों व शक्ति केंद्र प्रमुखों के माध्यम से लिस्ट बनने से लेकर राशन बांटने तक का काम है। विज की अपील पर यहां कई संस्थाएं लगातार राशन दे रही हैं। अग्रवाल धर्मशाला से 100 मीटर की दूरी पर ही पूर्व मंत्री निर्मल सिंह के हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट ने किंग पैलेस में साझा रसोई शुरू कर रखी है। जहां चित्रा सरवारा लगातार निगरानी कर रही हैं। रोजाना दो ढाई हजार लोगों को तैयार भोजन के पैकेट बांटे जा रहे हैं। कांग्रेस की प्रत्याशी रहीं वेणु अग्रवाल ने भी कांग्रेस भवन से एक-दो दिन राशन वितरण किया।
नारायणगढ़ हलके में भाजपा के कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सैनी की पत्नी एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुमन सैनी के नेतृत्व में मोदी राशन किटें बांटी जा रही हैं। शुरू में तो यहां किट के साथ भाजपा का पंपलेट भी चिपके थे। सैनी धर्मशाला में कलेक्शन व वितरण सेंटर बनाया है। मुलाना इकलौता ऐसा हलका है यहां नेताओं में जनसेवा की होड़ नहीं दिख रही।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Sanitization in the city and competition to distribute the anchor and ration in the cant


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ayjjst
via IFTTT