8.33 करोड़ में छूटा आर्यभट्ट विज्ञान केंद्र का टेंडर, डेढ़ साल में तैयार होगा

जीटी रोड पर 5 एकड़ भूमि पर 30 करोड़ की लागत से बनने वाले आर्यभट्ट विज्ञान केंद्र का टेंडर पीडब्ल्यूडी ने अलॉट कर दिया है। टेंडर हासिल करने के लिए 4 फर्मों ने बिड फाइल की थी जिसमें सबसे कम बिड लगाने वाली गर्ग एंड कंपनी को यह टेंडर 8.33 करोड़ में अलॉट हुआ है। पीडब्ल्यूडी ने 9.84 करोड़ रुपए में टेंडर लगाया था। टेंडर को अप्रूवल के लिए पीडब्ल्यूडी मुख्यालय भेजा गया है। अप्रूवल मिलते ही लॉकडाउन के बाद निर्माण एजेंसी कार्य आरंभ कर देगी। बता दें कि विज्ञान केंद्र की कंस्ट्रक्शन कास्ट 8.33 करोड़ रुपए है जबकि यहां अन्य सुविधाओं पर शेष बजट रखा गया है। निर्माण आरंभ होने के डेढ़ वर्ष में कार्य पूरा करना होगा।

सबसे आधुनिक विज्ञान केंद्र में यह सुविधाएं हाेंगी
यह प्रदेश का सबसे आधुनिक विज्ञान केंद्र होगा, जिसमें कई सुविधाएं हाेंगी। निर्माण पूरा होने पर हरियाणा साइंस एंड टेक्नोलॉजी और नेशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम कोलकाता द्वारा संयुक्त रूप से यहां विज्ञान से जुड़ी वस्तुओं व मॉडल्स को लगाया जाएगा। यहां साइंस गैलरी, थीमेटिक गैलरी, 270 डिग्री इमर्सिव प्रोजेक्शन हॉल, साइंस ऑन स्फेयर और वर्चुअल या ऑगमेटेड रियलिटी थियेटर, 3डी आॅडिटोरियम, कैफेटेरिया, अस्थाई प्रदर्शनी हॉल, इंफ्लेटेबल प्लेनेटोरियम और इनोवेशन हब भी स्थापित होगा।

कैंट के 3 बड़े प्रोजेक्ट गर्ग कंपनी के पास
आर्यभट्ट विज्ञान केंद्र का कांट्रेक्ट हासिल करने वाली गर्ग एंड कंपनी के पास पहले भी करोड़ों रुपए के 3 बड़े प्रोजेक्ट कैंट में हैं जिन पर अभी काम चल रहा है। कंपनी के पास वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में फुटबाल स्टेडियम का कांट्रेक्ट है। इसके अलावा सिविल अस्पताल में 100 बेड अपग्रेडेशन बिल्डिंग का प्रोजेक्ट, डॉक्टर रेजिडेंस बिल्डिंग के निर्माण का कांट्रेक्ट है। फुटबाल स्टेडियम का निर्माण तय समय से काफी पीछे चल रहा है और इसको लेकर मंत्री अनिल विज कई बार नाराजगी भी जता चुके हैं।
पीडब्ल्यूडी के 5 बड़े प्रोजेक्ट पर काम शुरू
लॉकडाउन-2 में रियायतों की घोषणा के बाद पीडब्ल्यूडी की देखरेख में कैंट के 5 बड़े प्रोजेक्ट पर कार्य फिर शुरू हो गया है। वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम के समक्ष 12.96 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे बॉयज स्पोर्ट्स हाॅस्टल, स्टाफ रोड पर 41.52 करोड़ की लागत से मिनी सेक्रेटेरिएट एवं सिविल काॅम्पलेक्स, सिविल अस्पताल में 77.44 करोड़ की लागत से 8 मंजिला 100 बेड के नए भवन का निर्माण, जीटी रोड पर 323 करोड़ की लागत से शहीदी स्मारक और 85 करोड़ की लागत से कैंट के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम के फुटबाल स्टेडियम का निर्माण कार्य फिर आरंभ हो चुका है। ठेकेदार की लेबर इन्हीं स्थानों पर लॉकडाउन के दौरान रह रही थी। जिन निर्माण स्थलों पर लेबर रुकी हुई है वहां सरकार ने निर्माण कार्य आरंभ करने की छूट दी है। अभी निर्माण स्थलों पर जो मैटीरियल पड़ा है उसी से ही निर्माण कार्य किया जा रहा है।

आर्यभट्ट विज्ञान केंद्र का टेंडर अलॉट कर दिया गया है। इसे अप्रूवल के लिए चंडीगढ़ मुख्यालय भेजा गया है। इसके अलावा 5 स्थानों पर निर्माण कार्यों को फिर से आरंभ कर दिया है। अभी पंजाब में माइनिंग बंद है, जिस वजह से कुछ दिक्कत है। जल्द ही प्रोजेक्ट रफ्तार पकड़ लेंगे।
निशांत, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, अम्बाला।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Aryabhata Science Center tender for 8.33 crores will be ready in one and a half years


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2S4WHtm
via IFTTT