उपमंडल अधिकारी सोनू राम ने कहा कि राज्य सरकार ने बिना राशन कार्ड वाले जरूरतमंद लोगों को 2 माह का नि:शुल्क राशन देने का निर्णय लिया। इसके अनुसार जिन लोगों का नाम बीपीएल सूची में था और उनके राशन कार्ड नहीं बन पाए और जिन लोगों के पास कोई भी राशन कार्ड नहीं था, उन लोगों को सरकार द्वारा मई और जून माह का राशन नि:शुल्क दिया जा रहा है। इसके लिए सरकार डिस्ट्रेस राशन टोकन जारी कर रही है। इस योजना के तहत पिहोवा में कुल 3368 परिवारों को दो चरणों में राशन टोकन जारी किया जाएगा। इससे इन परिवारों के करीब 17 हजार लोगों को फायदा मिलेगा। सोनू राम ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी से लॉकडाउन के कारण बहुत लोग प्रभावित हुए हैं। इस योजना के तहत बिना राशन कार्ड वाले लोगों को चिन्हित करने के लिए प्रशासन की तरफ से पहले यूनिट लेवल कमेटियों का गठन किया गया। इन कमेटियों की तरफ से घर-घर जाकर बिना राशन कार्ड वाले जरूरतमंद लोगों को चिन्हित किया गया।
शहर में 509 और ग्रामीण क्षेत्र में 1669 परिवारों को मिलेगा लाभ
यूनिट लेवल कमेटियों की रिपोर्ट के अनुसार पिहोवा के शहरी क्षेत्र में 509 और ग्रामीण क्षेत्र में 1669 परिवार चिन्हित किए गए, इसके अलावा इस्माइलाबाद और झांसा में 117 परिवार बिना राशन कार्ड वाले जरूरतमंद लोग पाए गए। इसके अलावा जिन लोगों का बीपीएल सूची में नाम आया था, लेकिन राशन कार्ड नहीं बन पाए थे। इस प्रकार के लोगों को भी राशन टोकन में शामिल किया गया है, इनकी संख्या पिहोवा के शहरी क्षेत्र में 275 परिवार और ग्रामीण क्षेत्र में 444 परिवार शामिल है। इसके अलावा इस कैटेगरी में इस्माइलाबाद से 151 परिवार और झांसा में 72 परिवार बिना राशन कार्ड वाले पाए गए। राज्य सरकार के आदेशानुसार प्रथम चरण में एमएमपीएसवाई और बीपीएल के डिस्ट्रेस राशन टोकन योजना के तहत बिना राशन कार्ड वाले 942 लोगों को राशन वितरण करने का काम शुरू कर दिया गया है। यह राशन डिपो धारकों के माध्यम से वितरित किया जा रहा है। इस योजना के तहत परिवार के प्रत्येक सदस्य को 5 किलो गेहूं और प्रति परिवार एक किलो दाल वितरित की जा रही है। इनमें से 719 परिवार पिहोवा के हैं। 151 इस्माइलाबाद तथा 72 परिवार झांसा के हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में 2426 लोगों को राशन वितरित किया जाएगा। इस प्रकार उपमंडल पिहोवा में डिस्ट्रेस राशन टोकन योजना के तहत 3368 परिवारों के करीब 17 हजार लोगों को नि:शुल्क राशन मुहैया करवाया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2LTNoc1
via IFTTT