शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। सरकार की ओर से अमरुत योजना के तहत बरसाती पानी निकासी का प्रबंध करने के लिए अब जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। 11 करोड़ रुपये की लागत से शहर के बरनाला रोड से हिसार रोड स्थित रंगोई नाला तक 8 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे शहर में जल भराव की स्थिति से मुक्ति मिलेगी। तीन सदस्यीय अधिकारियों की टीम ने पाइप का इंस्पेक्शन कर लिया है। जल्द ही काम शुरू होगा।
बरसाती सीजन में शहर डबल समस्या से जूझता है। सड़कों पर जलभराव और जाम सीवरेज व्यवस्था। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बनाए गए बरसाती नाले कारगर साबित नहीं हो पाए। इसलिए सिरसा में अमरुत योजना के तहत नई पाइपलाइन बिछाने की मंजूरी मिली। योजना बनी है कि आधे शहर के बरसाती पानी को केलनियां की तरफ जबकि आधे शहर के बरसाती पानी को पाइपलाइन के जिए रंगोई नाला में डाला जाए।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण, जांची पाइप का गुणवत्ता
अमरुत योजना के तहत काम शुरू करने के लिए बजट भी दिया। करीब 8 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू होने वाला है, इसलिए काम शुरू होने से पहले अधिकारियों के तीन सदस्य टीम ने तैयार हो चुकी 1500 मीटर लंबी पाइपों का निरीक्षण किया। इस दौरान पाइपों की गुणवत्ता जांची गई। इस टीम में नगर परिषद के एक्सईएन सुमित मलिक, हिसार नगर निगम के एक्सईएन संदीप और युद्धवीर मलिक शामिल थे। उन्होंने अपनी रिपोर्ट दे दी है।
जानिए... शहर में इन जगहों पर होता है जलभराव
- बस स्टैंड, बाल भवन के पास।
- खैरपुर, हिसार रोड का एरिया।
- एमसी कॉलोनी, अग्रसेन कॉलोनी।
- बेगू रोड, नोहरिया बाजार, शिव चौक।
- जनता भवन रोड, अनाज मंडी रोड।
जानिए... क्या है बरसाती पानी निकासी का प्लान
बरसात के सीजन में लगभग पूरे शहर में जलभराव की स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसलिए रेलवे फाटक से शहर की ओर होने वाले जलभराव को सीवरेज के माध्यम से केलनियां रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और नटार सीवरेज प्लांट तक भेजने की योजना बनी। इसके अलावा रेलवे फाटक से बस स्टैंड की ओर वाली साइड का पानी शहर के बाहर 8 किलोमीटर दूर बह रहे रंगोई नाला तक भेजनी की प्लानिंग बनी। अमरुत योजना के तहत 11 करोड़ रुपये मंजूर किए गए।
अभी तक विभिन्न विभागों से मिलने वाली एनओसी के कारण काम शुरू नहीं हो पाया था। अब केवल नेशनल हाइवे अथॉरिटी को छोड़कर अन्य सभी विभागों से एनओसी आ चुकी है। उम्मीद है कि पेंडिंग एनओसी भी 10 दिन के भीतर मिल जाएगी। शहर के बरनाला रोड स्थित बाल भवन से लेकर हिसार रोड स्थित रंगोई नाला तक पाइप बिछाई जाएगी।
जल्द काम शुरू होने की उम्मीद
सुमित मलिक, एक्सईएन, नगर परिषद, सिरसा ने कहा कि काम शुरू करने से पहले हमने पाइपों का निरीक्षण कर लिया है। हालांकि 8 किलोमीटर लंबी पाइपें डलनी है लेकिन अभी फिलहाल 1500 मीटर लंबी बिछने वाली पाइपों का निरीक्षण किया गया है। अब उम्मीद है कि शीघ्र ही काम शुरू हो जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30Jqmxo
via IFTTT