जगरामबास निवासी 21 वर्षीय स्पेयर पार्ट्स व्यापारी अनुज का पोस्टमार्टम तीन सदस्यीय चिकित्सक बोर्ड ने किया। इस दौरान उसके शरीर पर गोलियों के 17 निशान मिले, जबकि 5 गोली शरीर से निकाली गई हैं। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि रंजिश के चलते उसके बेटे की हमलावरों ने गोली मारकर हत्या की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से हत्या आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
शनिवार शाम साढ़े बजे दो बाइकों पर आए चार हमलावरों ने दुकान पर बैठे अनुज की गोली मारकर हत्या कर दी थी और विद्यानगर कॉलोनी के रास्ते फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शव अस्पताल में पहुंचाया। रविवार को चिकित्सकों के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने 12 खोल शनिवार को मौके से बरामद किए थे। पुलिस ने मृतक के पिता करण सिंह की शिकायत पर चार युवकों पर आईपीसी की धारा 302, 34 व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
फुटेज में साफ नहीं दिख रहे हमलावरों के चेहरे
अनुज की हत्या के बाद से ही पुलिस विद्यानगर, बड़ चौक, महम गेट, चिड़ियाघर मोड़, औद्योगिक क्षेत्र आदि में भवन व प्रतिष्ठानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में लगी हुई है विद्यानगर क्षेत्र में एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जांची तो दो बाइकों पर सवार चार हमलावरों की पहचान हुई। चारों हमलावरों नकाबपोश थे। तीन हमलावरों ने कपड़े से अपना चेहरा छुपाया हुआ था जबकि एक हमलावर बाइक चालक हेलमेट लगाए हुए था। हमलावरों के चेहरे स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे हैं।
जांच शुरू कर दी है
विद्यानंद, एसएचओ सिविल लाइन ने कहा किमृतक के पिता के बयान पर हत्यारोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। परिजनों से पूछताछ के बाद प्रारंभिक जांच में सामने आया हैं कि अनुज की हत्या किसी रंजिश को लेकर की गई है। पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/313O3AE
via IFTTT