करनाल में पॉजिटिव केसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को 10 नए केस आए हैं, जबकि 16 लोग ठीक होकर घर चले गए हैं। पहले ज्यादा केसों की हिस्ट्री दिल्ली की थी, अब जो लेबर वापस आ रही है वे अपने साथ कोरोना लेकर आ रहे हैं।
अब लेबर और स्टूडेंट ज्यादा पॉजिटिव मिल रहे हैं। कल्पना चावला मेडिकल में लैब के लिए नई मशीन आ गई है। इसके लिए बोयो सेफ्टी मशीन आनी है। इसके बाद करनाल, कैथल और कुरुक्षेत्र जिलों के प्रतिदिन लगभग 1500 के टेस्ट होंगे। फिलहाल प्रतिदिन तीनों जिलों के 900 के करीब टेस्ट हो रहे हैं।
डीसी ने बताया कि जिले में अब तक कोरोना के संदिग्ध कुल 15262 लाेगों के सैंपल लिए गए। जबकि इनमें से 14805 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक 231 मामले पॉजिटिव हैं, जिनमें से 3 की मौत हो गई है। 90 एक्टिव हैं और 138 मरीज ठीक होकर घर चले गए हैं और 201 व्यक्ति की रिपोर्ट आना बाकी है।
बिहार से आया मजदूर मिला संक्रमित, मंडी का संबंधित क्षेत्र कंटेनमेंट जोन घाेषित
घराैंडा में दिल्ली के बाद बिहार की ट्रैवल हिस्ट्री से क्षेत्र में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। लॉकडाउन में पलायन कर चुके प्रवासी मजदूरों का धान रोपाई सीजन में लौटना जारी है। लेबर की वापसी के साथ कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या में भी इजाफा होना जारी है। बिहार से घरौंडा नई अनाज मंडी पहुंचे श्रमिकों का रविवार को कोरोना टेस्ट करवाया गया, जिसमें एक श्रमिक को संक्रमण की पुष्टि हुई है।
पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर प्रशासन ने नई अनाज मंडी की संबंधित दुकान को कंटेनमेंट जोन में शामिल किया है। इससे पहले मंडी में दो कोरोना के पॉजिटिव आ चुके हैं। ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार रमेश कुमार ने बताया कि लेबर बिहार से आई थी। जिन्होंने करनाल में अपना टेस्ट करवाया था। जिनमें से एक श्रमिक को कोरोना पाया गया है। संबंधित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन में शामिल कर दिया है।
महामारी को रोकने के लिए किए जा रहे हैं प्रयास : दुष्यंत
करनाल | डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में कोरोना महामारी पर रोक लगाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। इस बीमारी की अभी तक कोई भी वैक्सीन नहीं बनी है। इसके बावजूद हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री सोमवार को इंद्री रोड स्थित श्री आत्म मनोहर जैन आराधना मंदिर में संत पीयूष मुनि के 32वें दीक्षांत दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष घोटालों की बात करता है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चाहिए कि वह अपने घोटाले देखे। एक ताजा घोटाला 1983 पीटीआई की नियुक्ति है। इसकी इंक्वायरी होनी चाहिए और बाइ-नेम एफआईआर भी होनी चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि चीन ने भारत की सरहद पर जो तनाव पैदा किया है, भारत के सैनिक उसका मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2NocWyJ
via IFTTT