स्मार्ट सिटी में शामिल परियोजनाओं में अब तेजी आएगी। सूचना प्रौद्योगिकी और आधुनिक सुविधाओं पर आधारित विकास कार्यों से शहर की सूरत बदल जाएगी। जिससे जनता को राहत मिलेगी। शहर को स्मार्ट बनाने के लिए दर्जनों परियोजनाओं पर प्राथमिकताएं तय कर बारी-बारी काम शुरू होगा।
कुछ परियोजनाओं को जल्द शुरू करने के लिए डीसी एवं स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निशांत कुमार यादव ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट और उनकी टीम व निगम अधिकारियों के साथ चर्चा में काम को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में डीसी ने अधिकारियों से कहा कि चालू माह में ही कुछ प्रोजेक्ट्स का टेंडर लगाने की प्रक्रिया आज से ही शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में दोबारा बैठक कर किए गए कार्यों की रिपोर्ट लेंगे।
बैठक में डीसी एवं स्मार्ट सिटी सीईओ ने पहले स्मार्ट वाटर सप्लाई और फिर शहर के पार्कों में ओपन एयर जिम तथा मेडिटेशन क्षेत्र स्थापित कर वैलनेस पर चर्चा की। बैठक में स्मार्ट वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट को लेकर डीसी ने बताया कि जल नेटवर्क और 112 नलकूपों के लिए स्काॅडा और डाटा अधिग्रहण स्थापित किया जाना है। इससे पाइप लाइनों में रिसाव का पता लगाया जाएगा। पानी की गुणवत्ता का विश्लेषण करने के लिए आईसीसीसी यानि एकीकृत जल नियंत्रण केंद्र बनेगा।
उन्होंने बताया कि इसमें जल प्रवाह नियंत्रण के लिए 200 वाॅल्व लगाए जाएंगे। इसी प्रकार जल प्रवाह के रिमोट कंट्रोल के लिए 300 पैनल लगाने के साथ-साथ 10 जल स्तर मापक यंत्र भी लगाए जाएंगे।
पार्कों में ओपन एयर जिम और ध्यान केंद्र स्थापित किया जाएगा
पार्कों में प्राथमिकताओं के आधार पर ओपन एयर जिम व ध्यान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट पर चर्चा करते हुए डीसी ने बताया कि स्मार्ट सिटी के तहत एक समान सतह विकसित करने के लिए चिन्हित किए गए पार्कों में प्लेन सीमेंट कंक्रीट (पीसीसी) से बेस तैयार किया जाएगा। टाइलें लगाकर ओपन एयर जिम और ध्यान केंद्र विकसित किए जाएंगे और उनके ऊपर ओपन एयर जिम के उपकरण फिट किए जाएंगे।
डिजाइन के अनुसार पैदल रास्तों के किनारों पर लैंडस्केपिंग यानि भू-निर्माण के कार्य होंगे। डिजाइन अनुसार ही खंभों पर सोलर एलईडी लाइट लगाई जाएगी। नागरिकों के लिए पर्याप्त संख्या में सूचनात्मक संकेत पट लगेंगे।
77 पार्कों में लगेंगे ओपन एयर जिम उपकरण
डीसी के अनुसार एबीडी एरिया में तीन पार्कों में ओपन एयर जिम प्रोजेक्ट पर काम होगा। जबकि पैन सिटी एरिया के 74 पार्कों में ओपन एयर जिम के उपकरण लगाए जाएंगे। निगम तथा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जगहों पर स्थापित इन कार्यों पर करोड़ों की राशि खर्च होगी।
बैठक में लिया फैसला : शहरों को अधिक कुशल और जीवंत बनाकर देश में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का उद्देश्य
डीसी ने कहा कि स्मार्ट शहरों का कार्यक्रम भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, इसका उद्देश्य शहरों को अधिक कुशल और जीवंत बनाकर देश में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। स्मार्ट सिटी के तहत करनाल में एबीडी यानि क्षेत्र आधारित विकास परियोजनाएं तथा पैन सिटी के तहत स्मार्ट समाधानों का इस्तेमाल करके मौजूदा शहर व्यापी बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करना है। बैठक में निगम के मुख्य अभियंता रामजी लाल, एक्सईएन सौरभ गुप्ता व एसपी ठकराल तथा एचएसवीपी के कार्यकारी अभियंता धर्मवीर भी उपस्थित रहे।
इन क्षेत्रों में बनेंगे पार्क और ध्यान केंद्र : सैक्टर-6 के 9 पार्कों में, सेक्टर-7 के 7 पार्क, सेक्टर-8 के 5, सेक्टर-9 के 8, सेक्टर-13 के 4, मॉडल टाउन के 3 तथा प्रेम नगर के 4 पार्कों सहित 40 पार्कों में उपरोक्त कार्य होंगे। इसी प्रकार हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर-32 के 7 पार्क, सेक्टर-33 के 2, सेक्टर-5 के 8, सेक्टर-4 पार्ट-1 के 2, सेक्टर-4 पार्ट 2 के 8, सेक्टर-16 के 2 तथा सेक्टर-12 के 1 सहित 34 पार्कों में उपरोक्त कार्य करवाए जाएंगे। दोनों विभागों के कुल 74 पार्कों में ओपन एयर जिम व मेडिटेशन केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/316CMzt
via IFTTT