रविवार काे जिले में काेराेना संक्रमण के चार केस सामने आए हैं। तीन लोग पहले से संक्रमित के कांटेक्ट में आने से कोरोना पॉजिटिव हुए जबकि चौथे की दिल्ली ट्रैवल हिस्ट्री है। सिटी में जो 3 केस हैं, उनमें डीडब्ल्यूएस कॉलोनी में 42 वर्षीय महिला व 14 वर्षीय किशोरी शामिल हैं।
तीसरा केस काजीवाड़ा मोहल्ले में दिल्ली की ट्रैवल हिस्ट्री वाले 40 वर्षीय व्यक्ति का है। कैंट का इकलौता केस लालकुर्ती में मिला है। यहां रेलवे की कंस्ट्रक्शन कंपनी के इंजीनियर के साथ रहने वाला 24 वर्षीय युवक पॉजिटिव आया है।
सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह के मुताबिक दो मरीजों की अस्पताल से छुट्टी हुई है, जिससे ठीक होकर घर जाने वाले लोगों की संख्या 155 हो गई है। इस वक्त 115 एक्टिव केस हैं। अभी तक जिले में कुल 273 पॉजिटिव केस मिले हैं। रविवार तक जिले में 12,984 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 12,547 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव है।
जबकि 164 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। प्रति दस लाख की जनसंख्या पर 10,956 के सैंपल लिए गए हैं। अब जिले में 95 कंटेनमेंट जोन हो गए हैं। इन कंटेनमेंट जोन से 13 लोगों के सैंपल लिए गए। कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचे 7 यात्रियों के सैंपल लिए गए हैं।
नई अनाज मंडी के मोबाइल शॉप वर्कर से रिश्तेदार हुए संक्रमित
17 जून को कोरोना पॉजिटिव मिले नई अनाज मंडी के मोबाइल शॉप वर्कर की मां व चंडीगढ़ से आई बुआ की 14 साल की बेटी कोरोना संक्रमित मिली हैं। डिस्ट्रिक्ट क्वारेंटाइन कमेटी के इंचार्ज डॉ. राजेंद्र राय के मुताबिक 20 वर्षीय वर्कर की चेन तंदूरा बाजार के मोबाइल शॉप संचालक से जुड़ी हो सकती है। यह वर्कर 12 जून के आसपास तंदूरा बाजार की उस दुकान से सामान लेकर आया था जहां दुकानदार, उसके दो भाई, भतीजा, दो वर्कर कोरोना पॉजिटिव मिले चुके हैं।
लालकुर्ती में गोरखपुर से लौटे इंजीनियर की चेन में तीसरा केस
गोरखपुर से लालकुर्ती आए रेलवे में कंस्ट्रक्शन का ठेका लेने वाली फर्म के इंजीनियर का 23 वर्षीय रूम मेट भी पॉजिटिव मिला है। कंस्ट्रक्शन फर्म का इंजीनियर 11 जून को गोरखपुर से आया था। 14 जून को पॉजिटिव मिला था। इसके साथ चार लोग रहते हैं। इनमें से एक 27 साल का युवक 18 जून को कोरोना पॉजिटिव पाया था। इससे पहले लाल कुर्ती में 19 जून को बिहार से आई 24 साल की युवती व 80 साल की महिला पॉजिटिव मिल चुकी हैं।
दिल्ली से बहन व भांजी के साथ आया व्यक्ति पॉजिटिव
दिल्ली से बहन व भांजी के साथ 18 जून को टैक्सी से आया 40 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। महिला अम्बाला में रहने वाले बेटे के पास मिलने आई थी। बेटे ने करीब छह माह पहले शादी की है। पॉजिटिव मिला युवक दिल्ली में मार्बल का काम करता है। महिला के बेटे व उसके चाचा-ताऊ समेत परिवार के करीब 10 कांटेक्ट हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YYQCRA
via IFTTT