सिंगापुर रिटर्न का सैंपल निगेटिव था अब लक्षण उभरे तो दोबारा लिया गया


रविवार को जिन 6 लोगों के सैंपल लिए थे, उनकी रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। सोमवार को 3 नए सैंपल पीजीआई में जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें सिंगापुर की ट्रैवल हिस्ट्री वाला व्यक्ति भी शामिल है। जिसका पिछली बार लिया गया सैंपल निगेटिव रहा था लेकिन अब लक्षण उभरने पर दोबारा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। दिल्ली की ट्रैवल हिस्ट्री वाले कैंट के व्यक्ति और दुबई से लौटे बराड़ा के युवक का सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया है। डॉक्टरों की टीम को सबसे ज्यादा इंतजार पटियाला के रामनगर निवासी कोरोना पॉजीटिव युवक के संपर्क में आए लोगों की सैंपल रिपोर्ट का है। खासकर उसके पिता और नेपाल से कैंट तक सहयात्री रहे परशुराम कॉलोनी के युवक की रिपोर्ट पर काफी कुछ निर्भर करेगा। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के मीडिया बुलेटिन में कहा गया है कि कोरोना संक्रमित युवक व उसके संपर्क में आए लोगों की हालत स्थिर है। सभी निगरानी में हैं।

सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि अब तक 42 सैंपल जांच के लिए भेजे गए। जिनमें से 32 की रिपोर्ट निगेटिव और एक की पॉजीटिव मिली है। 9 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। जिले में अब तक 1385 लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री मिल चुकी है जिनमें से 1006 लोग होम क्वारेंटाइन में हैं और इनकी कलाई पर स्टैंप लगी है। बावजूद इसके होम क्वारेंटाइन तोड़ने वालों की शिकायतें लगा बढ़ रही हैं। अब तक 69 लोगों की शिकायत स्वास्थ्य विभाग तक पहुंची हैं। 10 पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है। विदेश के ट्रैवल हिस्ट्री वाले 8 लोगों के पते गलत मिले हैं। 9 ट्रेवलर्स को अस्पताल में आइसोलेट किया गया है।

दुबई रिटर्न युवक को खांसी-बुखार, सैंपल लिए

बराड़ा | मार्च के पहले हफ्ते में दुबई से लौटे युवक को खांसी-जुकाम व बुखार की शिकायत होने पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और उसे कोरोना जांच के लिए अम्बाला अस्पताल ले गई। एसएमओ डॉ. बीरबल ने कहा कि परिजनों ने कोरोना की आशंका के चलते स्वास्थ्य विभाग बराड़ा से संपर्क किया था। काॅल करने पर एंबुलेंस पीड़ित के घर गई और उसे पूरी निगरानी में अम्बाला कैंट के अस्पताल ले लाया गया। अभी तक युवक को हाेम क्वारेंटाइन रखा गया था।

सीएमओ की आईएमए से मदद की अपील; आईएमए बोली-हमारे फिजिशियन तैयार

सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन को सरकारी हेल्थ सेक्टर की मदद के लिए आगे आने की अपील की। जवाब में आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर व अम्बाला सिटी इकाई के सचिव डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को सीएमओ से मीटिंग हुई है। प्राइवेट अस्पतालों की बिस्तरों की क्षमता बता दी है। जरूरत पड़ने पर प्राइवेट फिजिशियन, एनेस्थीसिया स्पेशलिस्ट मदद के लिए तैयार हैं।

रामनगर के युवक की बुआ का बेटा शिमला में,

वहां के प्रशासन को बताया

कोरोना पॉजीटिव मिले युवक की शाहपुर निवासी बुआ का एक बेटे परिवार के साथ शिमला रह रहा है। चूंकि युवक ने बुआ के इस बेटे का मोबाइल 20 मिनट इस्तेमाल किया था, इसलिए अब इसकी भी निगरानी के लिए हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग को लिख दिया गया है। बुआ के बेटे के परिवार में 4 सदस्य हैं जबकि नारायणगढ़ व कुरुक्षेत्र के बाबैन निवासी 3 वर्कर उसके पास काम करते हैं।

बराड़ा में युवक काे टेस्ट के लिए लेकर जाती टीम।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Ambala News - haryana news the sample of singapore return was negative


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WUTJL9
via IFTTT