सोनीपत (अनिल बंसल.बतौर खिलाड़ी अपनी कलात्मक हाॅकी से अनेकों बार देश की कई यादगार जीत में अहम भूमिका निभा चुके संदीप सिंह मौजूदा समय में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। घर में फिटनेस पर जोर के साथ लोगों को फिट रहने का संदेश देने के साथ फील्ड में कोरोना के खिलाफ लड़ाई की भी पूरी तैयारी है। व्यक्तिगत तौर पर जहां पहले दो लाख रुपए हरियाणा सरकार के कोरोना रिलीफ फंड में दान किए। इसके बाद एक वालंटियर के रूप में खुद गांव से सेवा की शुरुआत की और अब उनके निर्देश पर प्रदेश के लिए 3300 वालंटियर तैयार कर दिए गए हैं, जो गांव-गांव जाकर जरूरतमंद की मदद करेंगे। इसके साथ ही शारीरिक फिटनेस के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
प्रदेश के खेल मंत्री ने बताया कि एक खिलाड़ी के रूप में सन्यास लेने के बावजूद सुबह फिटनेस रुटीन अभी भी नहीं छूटा है। सुबह ही नहीं शाम को भी घर में बनाए जिम में वर्कआउट होता है। भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी कर चुके दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रैग फ्लिकर का स्पष्ट कहना है फिट रहेंगे तभी समाज को भी फिट रख सकेंगे। यह समय समाज में एकजुटता के साथ रहते हुए कोरोना बुराई के खिलाफ आत्मविश्वास बढ़ाने का है।
स्टे होम करते हुए फिट रहें, स्किल बढ़ाएं, जरूरतमंदों के लिए खेल विभाग तैयार
शाम काे जिम में वर्क आउट से पहले चर्चा करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि घर में रहकर भी फिट रहा जा सकता है। कोशिश की जाए कि वेट नहीं बढ़े और अपनी स्किल को पहले से और बेहतर बनाने पर अभ्यास किया जाए। इससे फिट रहेंगे और साथ ही सुरक्षित भी। खेल मंत्री ने बताया कि अभी मैदानी अभ्यास दूर है। इसलिए कोच से लेकर अधिकारी वर्ग मैदान में हिट होने के बजाए समाज सेवा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाकर दिखाए। इसी सोच के अंतर्गत सभी जिलों से वालंटियर की सूची मांगी गई थी। इसके आधार पर करीब 3300 युवाओं की टीम तैयार हो गई है। अब वे अपने-अपने क्षेत्र में जाकर न केवल जरूरतमंद को राशन, दवाई आदि से मदद करेंगे, बल्कि क्षेत्रों को प्रशासन के साथ मिलकर सेनिटाइज करने में भी मदद करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3avEv3f
via IFTTT