हिसार (महबूब अली ). कोरोना के चलते देश में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन है। मगर शराब की बिक्री और अवैध धंधा करने वाले आॅनकाॅल शराब की होम डिलीवरी कर रहे हैं। शराब ठेके बंद रहने के आदेश के बावजूद बसस्टैंड स्थित ठेके पर शराब की बिक रही है। कॉल पर मात्र 5 मिनट में होम डिलीवरी होती है। भास्कर ने 3 दिन तक शहर के शराब के ठेके और अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वाले पांच लोगों का स्टिंग किया। 5 से 10 मिनट में शराब पहुंच गई। वहीं फव्वारा चौक के पास शराब की बोतल लेकर पहुंचे युवक से जब कहा कि पुलिस आ जाएगी तो युवक ने कहा कि पुलिस का कोई डर नहीं है। लॉकडाउन में ही 3 दिन से बिक्री कर रहा हूं।
होम डिलीवरी करने पहुंचते हैं दो वाहन सवार, एक करता है रेकी: जिसको बताए स्थान पर ऑनकाॅल होम डिलीवरी करनी होती है, पहले आकर एक बाइक सवार रेकी करता है। इसके करीब 2 मिनट बाद ही स्कूटी सवार आकर शराब की होम डिलीवरी करता है।
लॉकडाउन के कारण खुद दोगुने किए रेट, करीब 500 रुपए की बोतल के वसूल रहे 1000 रु. तक
स्थान - बस स्टैंड स्थित शराब का ठेका
ठेका बंद था, मगर पास ही युवक बैठा था। भास्कर टीम को युवक ने कहा- शराब मिल जाएगी। देसी पव्वे के 70 लगेंगे, लेकर सीधे चले जाना। हालांकि टीम ने शराब नहीं खरीदी। दो अन्य लोग यहां से शराब लेकर जा रहे थे।
स्थान: सिविल अस्पताल के पास
ठेका बंद था। यहां शराब बिक्री नहीं की जा रही थी। जिंदल चौक और जिंदल पुल के पास ठेके बंद थे, यहां शराब बिक्री नहीं होती मिली।
स्थान: फव्वारा चौक
शराब की अवैध रूप से बिक्री करने वाले को कॉल की। रिपोर्टर और बिक्री करने वाले के बीच कुछ इस तरह से बातचीत हुई।
रिपोर्टर- भाई देसी शराब की बोतल चाहिए?
बिक्री करने वाला- देसी के 200 रु. लगेंगे।
रिपोर्टर- होम डिलीवरी करा दोगे क्या?
बिक्री करने वाला- करा देंगे, बताओ कहां।
रिपोर्टर- फव्वारा चौक के पास। इसके बाद मात्र 5 मिनट में स्कूटी सवार युवक आया व बोतल देने लगा। हालांकि बोतल खरीदी नहीं।
स्थान : जिंदल चौक
अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वालों से कुछ इस तरह से बातचीत हुई।
रिपोर्टर- नमस्ते, जिंदल चौक से बोल रहा हूं।
शराब की बिक्री वाला- बोल के बात से।
रिपोर्टर- अंग्रेजी शराब की बोतल चाहिए?
शराब बिक्री वाला- अंग्रेजी 800 से 900 की मिलेगी, रेट बढ़ गए हैं।
रिपोर्टर- क्या होम डिलीवरी कराते हो।
विक्रेता- पहुंच जाएगी, पता नोट कराओ। मात्र 6 मिनट में युवक बाइक पर बोतल लेकर पहुंच गया, हालांकि रिपोर्टर ने खरीदी नहीं।
स्थान: बस स्टैंड के पास
रिपोर्टर- देसी व अंग्रेजी की बोतल मिलेगी?
विक्रेता- कौन बोल रहा है।
रिपोर्टर- मैं सोनू बोल रहा हूं।
विक्रेता- मिल जाएगी देसी 300 की, अंग्रेजी की 900 रुपए में मिलेगी।
रिपोर्टर- होम डिलीवरी हो जाएगी?
बिक्री करने वाला- हां हो जाएगी।
स्थान: जिंदलपुर स्थित होटल,
रिपोर्टर व शराब बेचने वाले के बीच बातचीत:-
रिपोर्टर- भाई, शराब मिल जाएगी क्या?
युवक- अंग्रेजी की बोतल 1000 में मिलेगी। भाई लाॅकडाउन चल रहा है, शराब लेने के लिए भी शाम को आना पड़ेगा, अभी स्टॉक खत्म है।
गांजे की पुड़िया मिल जाएगी 170 रु. में दे दूंगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WZi8z9
via IFTTT