22 में से झज्जर समेत 18 जिलों तक पहुंचा कोरोना, पहली बार 6 तब्लीगियों पर एफआईआर

झज्जर जिले में एक केस समेत राज्य में कोरोना के चार नए केस सामने आए हैं। दिल्ली के महाराजा अग्रसेन अस्पताल में काम कर रहीं बहादुरगढ़ की नर्स कोरोनावायरस से संक्रमित हो गई हैं। दिल्ली में उनका इलाज चल रहा है। इसी के साथ राज्य के 22 मेें से 18 जिलों तक कोरोना पहुंच चुका है। केवल चार कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी ही कोराेना से अभी बचे हुए हैं। पंचकूला में दो जमातियों में वायरस पाया गया है। दोनों जमाती सीकर जिले में हुए कार्यक्रम से लौटे थे। उधर, हिसार के 63 वर्षीय एक व्यक्ति काे कोरोना पॉजिटव पाया गया है। उन्हें 6 अप्रैल को गुड़गांव के मेदांता हाॅस्पिटल में दाखिल कराया गया था। इनकी सेहत में सुधार हो रहा है।

इसकी पुष्टि हिसार की डीसी डॉक्टर प्रियंका सोनी ने की है। प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 160 से 164 हो गई है। इनमें 107 जमाती हैं।उधर, तब्लीगी जमात से लौटने के बाद पुलिस को इसकी सूचना न देने वाले 6 लोगों पर यमुनानगर थाने में पुलिस ने केस दर्ज किया है। प्रदेश में अब तक 18 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि तीन की मौत हो गई है। अब तक राज्य में 2964 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। 791 की रिपोर्ट का अभी इंतजार है।

यमुनानगर में जमात से आकर घरों में छिपे थे तब्लीगी

जमात लौटे अमीर दयालगढ़ निवासी अब्दुल कलाम उर्फ अदरीश खुद पुलिस के सामने आए। उन्होंने पुलिस को बताया कि लापरा के कुछ लोग उनके साथ जमात में गए थे। वे अपने घर में छिपे बैठे हैं। इसके बाद पुलिस लापरा पहुंची। यहां से सादीन, आरिफ, शहजाद, नफीस, जीशान व मोहम्मद इंतजार को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद उन्हें अस्पताल में लाया गया।

उधर, गुड़गांव में कोरोना संक्रमित 76 वर्षीय इटली की महिला की मेदांता में मौत
गुड़गांव में गुरुवार को कोरोनावायरस से संक्रमित 76 वर्षीय इटली निवासी महिला की मौत हो गई। महिला को मेदांता अस्पताल में 5 मार्च से एडमिट कराया गया था। गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। महिला को 13 अन्य इटली पर्यटकों के साथ भर्ती करवाया गया था। 14 में से 13 संक्रमितों को ठीक होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। 24 घंटे में गुड़गांव में बीमारी से यह दूसरी मौत है। इससे पहले मौत का पहला मामला बुधवार को सामने आया था। फाजिलपुर निवासी 63 वर्षीय बुजुर्ग की प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई थी। उसमें कोरोना के लक्षण पाए गए थे। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्ग की मौत का कारण अनियंत्रित मधुमेह और हार्ट अटैक बताया है। अब कोरोना संबंधी जांच रिपोर्ट का इंतजार है। बुजुर्ग का अंतिम संस्कार प्रशासन ने कराया था।

जानिए...24 घंटे का अपडेट

24 घंटे में 314 सैंपल लिए गए हैं। अब तक लिए गए 2964 सैंपल में प्रदेश में 2017 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। परंतु राज्य में इस वक्त भी 15132 लोग सर्विलांस पर हैं। इनमें 799 संदिग्ध मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। एक दिन में ही 254 नए ऐसे मरीज सामने अाए हैं। 1250 नए लोग सर्विलांस पर आएं हैं।

कहां कितने जमाती मिले हैं पॉजिटिव

जिला संख्या
पलवल 27
फरीदाबाद 18
नूंह 35
गुड़गांव 14
अम्बाला 5
भिवानी 2
पंचकूला 2
कैथल 1
सोनीपत 1
जींद 1
चरखी दादरी 1
पानीपत 0

14 को लॉकडाउन खत्म हुआ तो भी शिक्षण संस्थान नहीं खुलेंगे

राज्य में यदि 14 अप्रैल को लॉकडाउन खत्म होने की घोषणा भी की जाती है तो भी शिक्षण संस्थान नहीं खोले जाएंगे। जब भी ये संस्थान खोले जाएंगे, उससे पहले मंत्री से लेकर अधिकारी तक पूरी स्थिति का रिव्यू करेंगे। ऐसे में सरकार ने बच्चों को घरों पर तनाव मुक्त रखने की भी तैयारी कर ली है। मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित परेशानियों से मुक्ति दिलाने के लिए आज 24 घंटे की हेल्पलाइन लांच की गई है। माना जा रहा है कि कोविड-19 की महामारी के कारण कुछ विद्यार्थी तनावग्रस्त हो सकते हैं। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बताया कि छात्रों की काउंसिलिंग के लिए हेल्पलाइन एक मार्गदर्शक एजेंट के रूप में काम करेगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Corona reaches 18 districts including Jhajjar out of 22, FIR on 6 tabligies for the first time


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2UXQ2mE
via IFTTT