लॉकडाउन की उल्लंघना का परिणाम है कि कोरोना वायरस शहर से लेकर गांव तक पहुंच गया। बीते 24 घंटे में 14 दिन बाद जिले में 2 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। दड़ौली के 29 वर्षीय युवक के बाद डीसी काॅलोनी के दिवंगत 63 वर्षीय बुजुर्ग के 60 वर्षीय भाई की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिला प्रशासन ने व्यवस्था बनाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए। पुलिस विभाग ने कंटेनमेंट व बफर जोन में नाकाबंदी कर पुलिस बल तैनात कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम पीड़ितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उन्हें आइसोलेट करके सैंपल करवा रही है। पीड़ितों के घर पर कोविड-19 डू नॉट विजिट का पोस्टर चस्पा दिया है, ताकि 14 दिन तक कोई भी व्यक्ति घर से बाहर आवागमन न करें। न कोई उनके घर जाए।
वहीं दड़ौली के पॉजिटिव रोगी, उसके परिजनों के संपर्क में आने वाले 42 लोगों की पहचान हो चुकी है। उनके घर जाकर एंबुलेंस से अस्पताल लाना शुरू कर दिया है। वहीं, दिवंगत के भाई के संपर्क में 24 लोगों की पहचान हुई है। इनमें परिजन, रिश्तेदार सहित अन्य शामिल हैं। इन्हें भी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है।
डॉ. सिंघल बोले-दाेनों मरीजाें की 48 घंटे बाद फिर होगी सैंपलिंग
अग्राेहा मेडिकल कॉलेज के निदेशक डाॅ. गोपाल सिंघल ने बताया कि अग्रोहा कोविड हॉस्पिटल में अभी दो कोरोना पॉजीटिव मरीज अपना उपचार करवा रहे हैं। उनकी हालत में काफी सुधार है। 48 घंटे बाद दोनों पॉजिटिव लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। उधर, हेल्थ इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह के नेतृत्व में 3 टीमों ने कंटेनमेंट जोन में घर-घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य जांचा। करीब 145 घरो में हेल्थ चेकअप किया। कोई संदिग्ध रोगी नहीं मिला। एरिया को सेनिटाइज करवाया है।
उम्रदराज कर्मी की ड्यूटी बदली, आउटर्स रहेंगे बैन : डबास
डीएसपी भारती डबास ने कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया। इस दौरान चार नाकों पर शिफ्ट वाइज 2-2 कर्मी तैनात हैं। निरीक्षण के दौरान एक उम्रदराज पुलिस कर्मी तैनात मिला। तुरंत उनकी ड्यूटी बदलकर दूसरी जगह लगवा दी। इसके अलावा कर्मियों के लिए सेनिटाइजर, ग्लव्ज, मास्क की उपलब्धता करवाई है। वहीं ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों को हिदायत दी है कि कोई भी बाहरी व्यक्ति जोन में घुसने नहीं दिया जाए।
रोगी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल की, फोन बंद करवाया
दड़ौली के कोरोना पॉजिटिव रोगी ने अग्रोहा मेडिकल काॅलेज में दाखिल होने के बाद सोशल मीडिया पर अपनी वीडियो को अपलोड किया था। इसमें स्वास्थ्य विभाग की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा था। लोगों से कह रहा था कि चिंता न करें। मैं स्वस्थ हूं। यह वीडियो काफी वायरल हुई। यह देख हेल्थ अफसरों ने संज्ञान लिया। रोगी का फोन बंद करवा दिया है ताकि वह बेवजह की रिकॉर्डिंग वायरल करके लोगों को भ्रमित न करे।
गर्भवती और बच्चों को दिए फल-चिप्स
फार्मासिस्ट अनिल शर्मा और डॉ. राजीव डाबला ने आइसोलेशन वार्ड में दाखिल गर्भवती महिला और बच्चों के लिए फल, चिप्स और चॉकलेट भिजवाई। अन्य सभी के खान-पान का ध्यान रख रहे हैं।
- दड़ौली और डीसी काॅलोनी पॉजिटिव काॅन्टेक्ट वाले लोगों सहित कुल 38 सैंपल शाम 7 बजे तक ले चुके हैं। रविवार सुबह से पहले दोनों रोगियों के काॅन्टेक्ट वाले परिजनों व रिश्तेदारों की रिपोर्ट निगेटिव आई। '' डॉ. योगेश शर्मा, सीएमओ, हिसार
क्वारेंटाइन था दिवंगत का भाई, पुन: सैंपल रिपोर्ट आई पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डीसी काॅलोनी के दिवंगत बुुजुर्ग का भाई पहले से क्वारेंटाइन था। क्वारेंटाइन खत्म होने के दौरान पुन: सैंपल जांच के लिए लैब में भिजवाया था। तब कोरोना का शक हुआ था और आखिर में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ट्रेवल हिस्ट्री कोई नहीं है। दिवंगत का भाई है जोकि कोरोना पॉजिटिव आ चुका था। उसकी बाद में रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
अंतिम संस्कार के वक्त मौजूद रहे लोगों की सूची बनेगी
सेक्टर 16-17 के श्मशान घाट में 23 अप्रैल को दिवंगत 63 वर्षीय बुजुर्ग का अंतिम संस्कार हुआ था। स्वास्थ्य विभाग और निगम के सहयोग से मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों को पीपीई किट पहनाई गई थी। उसमें होम क्वारेंटाइन छाेटा भाई भी शामिल हुआ था। रोडवेज की बस में 10 परिजनों-रिश्तेदारों को बैठाकर लाया गया था। हेल्थ अफसरों के निर्देश पर जीव वैज्ञानिक डॉ. रमेश पूनिया ने अंतिम संस्कार की व्यवस्था करवाई थी। निगम की सफाई शाखा का एक अधिकारी व कर्मचारी सेनिटाइजेशन करने आए थे।
दिवंगत का छोटा भाई कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर हेल्थ विभाग अंतिम संस्कार में शामिल होने वालों की सूची तैयार कर रहा है। ताकि उनकी स्वास्थ्य जांच करवा सकें। इतना ही नहीं दिवंगत बुजुर्ग की एक रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी लेकिन तीन रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अन्य बीमारियों व स्वास्थ्य दिक्कतों से मृत्यु हुई थी। सीएमओ डॉ. योगेश शर्मा का कहना है कि अंतिम संस्कार के वक्त सभी पीपीई किट पहने थे। उससे ट्रांसमिशन की संभावना कम है लेकिन उन्हीं लोगों में से एक कोरोना पॉजिटिव मिला है। इसलिए सभी की जानकारी जुटा रहे हैं।
एहतियात : जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई उनकी सेहत पर भी रहेगी 14 दिन तक नजर
कोरोना पॉजिटिव रोगियों के संपर्क वाले काफी लोगों की सैंपल जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एनआरसीई लैब में पहली बार 145 लोगों के सैंपल जांच के लिए भिजवाए थे। इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है, जिसे देखकर फिलहाल विभाग ने राहत महसूस की है। बता दें कि कोटा से आने वाले स्टूडेंट्स और 4 पेरेंट्स के अलावा डीसी काॅलोनी के दिवंगत के 5 परिजनों, दड़ौली के पॉजिटिव युवक के संपर्क में आने वाले कुम्हारन मोहल्ला में रहने वाले रिश्तेदारों-परिचितों सहित कुल 145 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। ऐसे में रोगियों के करीब वाले लोगों को फैसिलिटी क्वारेंटाइन और दूरी बनाकर रखने वालों को होम क्वारेंटाइन किया जाएगा। 14 दिन तक उनके स्वास्थ्य पर नजर रहेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aEwEQ3
via IFTTT