ठरवा के कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए 37 ग्रामीणों व कैंट सिविल के 33 कर्मियों की सैंपल रिपोर्ट निगेटिव

रविवार को कुछ राहत की खबरें आईं। ठरवा में 42 वर्षीय किसान के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद गांव में संपर्क वाले सभी 37 लोगों की सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनमें वो व्यक्ति भी शामिल है जो 23 अप्रैल को किसान को लेकर कैंट सिविल अस्पताल आया था। इसके अलावा कैंट सिविल अस्पताल के डायलिसिस सेंटर में किसान को उपचार देने वाले स्वास्थ्य कर्मियों व उस दिन अस्पताल मॉर्निंग, इवनिंग व नाइट में ड्यूटी देने वाले 33 कर्मियों की सैंपल रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।
रविवार को किसान की पत्नी व 19 वर्षीय बेटी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। दोनों को शनिवार को सिटी की एक धर्मशाला में आइसोलेट कर दिया गया था। मिलिट्री अस्पताल से ब्रॉड डेड सिविल अस्पताल लाई गई 27 वर्षीय वर्षीय युवती की सैंपल रिपोर्ट भी निगेटिव आई। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि अब अम्बाला के किसी भी अस्पताल में कोरोना का एक्टिव केस नहीं है। ठरवा के किसान की हालत स्थिर बनी है। पीजीआई चंडीगढ़ में उसे आईसीयू में रखा गया है। शुक्रवार व शनिवार को लिए गए सभी सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव रही है।

अभी तक जिले में 1,482 सैंपलों लिए गए हैं। जिनमें से 1392 की रिपोर्ट निगेटिव रही है। अब रविवार को लिए गए 75 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है। इनमें से 45 सैंपल कैंट के हैं। इनमें वो लोग भी शामिल हैं जो उन तारीखों पर कैंट सिविल अस्पताल के डायलिसिस सेंटर में आए थे, जिन तारीखों में ठरवा का किसान आया था। सिटी से 18, शहजादपुर से 11 और मिलिट्री अस्पताल से 1 सैंपल लिया गया है।

ठरवा के साथ 10 और गांव कंटेनमेंट जोन में

माजरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के इंचार्ज डॉ. मनदीप सचदेवा ने बताया कि ठरवा में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद 3 किलोमीटर के एरिया के 10 गांवों को मिलाकर कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इनमें मिर्जापुर, लखनौर साहिब, बेगोमाजरा, माजरी, बाबाहेड़ी, बाड़ा, बहबलपुर, कोटकछवा कलां, धन्यौड़ा गांव शामिल हैं। कंटेनमेंट जोन की करीब 13 हजार आबादी की स्क्रीनिंग होगी। सोमवार को थर्मल स्कैनिंग होगी। इसके अलावा 9 किलोमीटर एरिया के गांवों को बफर जोन बनाया है। इनमें भानोखेड़ी, हमायुंपुर, ललाना, जलबेहड़ा, रवालों, मटहेड़ी शेखां व जट्टान, कलेरां, तेजा मोहड़ी समेत कुछ गांव शामिल हैं।

अभी चिंता...क्योंकि किसान के संक्रमण का सोर्स नहीं पता

  • ठरवा के 42 वर्षीय किसान को कहां से कोरोना संक्रमण हुआ, उसका अभी पता नहीं चल पाया है। किसान 14, 20, 22 व 23 अप्रैल को कैंट सिविल अस्पताल में डायलिसिस सेंटर में आया था।
  • 23 अप्रैल को उसे सांस लेने में ज्यादा दिक्कत होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। जहां 24 को कोरोना सैंपल लिया और 25 को पॉजिटिव रिपोर्ट आई।
  • किसान की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। गांव में अभी कोई पॉजिटिव नहीं मिला है।

स्क्रीनिंग से तय होगा,टिंबर मार्केट कंटेनमेंट जोन कब खत्म होगा

1 अप्रैल को 67 वर्षीय हरजीत सिंह कोहली की कोरोना संक्रमण से मौत के बाद टिंबर मार्केट का 3 किलोमीटर का एरिया कंटेनमेंट जोन बनाया था। अब यह कंटेनमेंट जोन कब खत्म होगा, इस पर फैसला स्क्रीनिंग रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव सिंगला ने बताया कि कोहली की समधन 10 अप्रैल को पॉजिटिव मिली थी। नियमानुसार आखिरी पॉजिटिव केस आने के 14 दिन तक कंटेनमेंट जोन रहती है। इस वजह से अभी इस एरिया पर निगरानी रखी जा रही है। कोहली, उनकी समधन और 5 जमाती इसी जोन से आते हैं।

मुलाना अस्पताल से सभी 14 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होकर निकले

मुलाना के एमएम अस्पताल (कोविड19) से रविवार को पंचकूला के एक परिवार के सातों सदस्यों की 10 दिन बाद छुट्टी हो गई। इनकी कोरोना सैंपल रिपोर्ट निगेटिव मिली थी। 16 अप्रैल को कोरोना संक्रमण मिलने की वजह से सातों को यहां आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। अभी तक एमएम अस्पताल से सभी 14 मरीज ठीक होकर निकले हैं। जिन 7 मरीजों की रविवार को छुट्टी हुई, वो पंचकूला के सेक्टर-15 में सोनिया महाजन के परिजन व रिश्तेदार हैं। सोनिया महाजन 18 मार्च को भाई के साथ पठानकोट में मामा के संस्कार में गईं थी। उसके बाद संक्रमण का शिकार हुईं।

आगे उनके संपर्क वाले 9 लोग संक्रमित हुए थे। इन्हीं 9 में से 7 एमएम अस्पताल में आइसोलेट किए गए थे। सोनिया ने पंचकूला में डॉ. ऋषिपाल नागपाल के क्लीनिक में बगैर अपनी हिस्ट्री बताए उपचार कराया था। इस वजह से डॉ. नागपाल के क्लीनिक में 6 अप्रैल से 13 अप्रैल तक आए 190 मरीजों की भी सैंपलिंग की नौबत आई। इसी चक्कर में शहजादपुर के राजपुताना मोहल्ले के एक परिवार के 14 लोगों के सैंपल लिए गए थे। गुरुग्राम की प्राइवेट लैब की गलती की वजह से इस परिवार के 3 लोगों को कोरोना पॉजिटिव बता दिया गया था।

हालांकि बाद में 3 बार सरकारी लैब में सैंपल कंफर्मेशन में रिपोर्ट निगेटिव रही थी। एमएम अस्पताल की कोविड यूनिट के नोडल अधिकारी डॉ. एलएन गर्ग और आइसोलेशन वार्ड के इंचार्ज डॉ. मोहित सिंगला ने बताया कि अस्पताल की कोविड यूनिट में आए सभी 14 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। अस्पताल में सभी मरीजों का व्यवहार स्टाफ के साथ अच्छा रहा और कोई अनावश्यक मांग नहीं की गई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Sample report of 37 villagers and 33 personnel of Cantt Civil who came in contact with Corona positive of Tharava


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VG5CUk
via IFTTT