6 बार के कांग्रेस विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा का 74 साल की उम्र में निधन, काफी दिन से थे बीमार

हरियाणा की बरोदा विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा का रविवार को निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। पिछले काफी समय से वे बीमार चल रहे थे, उनका इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा था। जहां उनकी मौत हो गई। वे छह बार विधायक बने। 2019 के चुनाव में पहलवान योगेश्वर दत्त को हराकर छठी बार विधानसभा पहुंचे थे। उनके निधन पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा समेत राज्य के दूसरे राजनेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

हरियाणा विधानसभा के सबसे बुजुर्ग विधायकों में से एक थे श्रीकृष्ण हुड्डा
रोहतक के खिड़वाली गांव के रहने वाले श्रीकृष्ण हुड्डा हरियाणा विधानसभा के सबसे बुजुर्ग विधायकों में से एक थे। वे अपने गांव खिड़वाली में दो बार सरपंच रहे थे। उसके बाद 1987 में पहली बार लोकदल की टिकट पर विधानसभा चुनाव जीते। इसके बाद 1996 में समता पार्टी से चुनाव जीता। 2005 में कांग्रेस ज्वाइन कर ली और किलोई सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा गए। इसके बाद 2009 के चुनाव में वे सोनीपत जिले की बरोदा सीट पर चुनाव लड़े और जीते। यहां से वे 2014 और 2019 में भी चुनाव जीते थे।

भूपेंद्र हुड्डा के चहेते थे श्रीकृष्ण हुड्डा
श्रीकृष्ण हुड्डा हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के चहेते थे। 2005 में श्रीकृष्ण हुड्डा किलोई सीट से जीते थे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ऐसा फेरबदल किया कि खुद सीएम बन गए। उनके सीएम बनने पर श्रीकृष्ण हुड्डा ने इस्तीफा दे दिया। उनकी सीट खाली हो गई तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंच गए। इस अहसान का बदला भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी उतारा उन्होंने श्रीकृष्ण हुड्डा को बरोदा सीट से चुनाव में उतारा। यहां से श्रीकृष्ण हुड्डा लगातार तीन बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।

चुनाव जीतने के बाद से ही थे बीमार
2019 में चुनाव जीतने के बाद से ही श्रीकृष्ण हुड्डा का स्वास्थ्य ठीक नहीं था। वे बीमार चल रहे थे। रविवार को दिल्ली के अस्पताल में उनका निधन हो गया। वे अपने पीछे दो बेटे जीता हुड्डा और मीनू हुड्डा छोड़ गए हैं। उनके एक बेटे का निधन हो गया था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
बरोदा विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3a1NKal
via IFTTT