हरियाणा में 15 अप्रैल से सरसों और 20 अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं की खरीद के लिए सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसको लेकर हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी जिला उपायुक्तों (डीसी) को निर्देश दिए हैं कि वे मंडी में खरीद केंद्रों की व्यवस्था का जायजा लें और एंट्री व एग्जिट प्वाइंट पर कड़ी निगरानी रखी जाए। खरीद केंद्रों पर भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिए केन्द्रों के स्टाफ, आढ़तियों, श्रमिकों और किसानों को प्रवेश पास जारी किए जाएं।
मास्क, सेनिटाइजर, थर्मल स्कैनर की उपलब्धता सुनिश्चित हो
केशनी आनंद अरोड़ा ने कहा कि खरीद केन्द्रों पर मास्क, सैनिटाइजर और थर्मल स्कैनर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खरीद केन्द्रों पर कंप्यूटर, लैपटॉप, और टैबलेट की उचित व्यवस्था की जाए। श्रमिकों की मैपिंग की जाए और प्रत्येक श्रमिकों को पास जारी किए जाएं और इस सारी व्यवस्था की कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि खरीद करते समय सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंडों का पूरी तरह से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अंतर जिला आवागमन पर कड़ी निगरानी रख जाए।
मास्क पहनना अनिवार्य
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी खरीद केन्द्रों के स्टाफ, खरीद एजेंसियों के कर्मचारियों, आढ़तियों, श्रमिकों और किसानों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक खरीद केंद्र में तैनात अधिकारियों की एक अलग सूची तैयार की जाए। इसके अलावा, मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर किसानों के पंजीकरण की सुविधा के लिए सभी सामान्य सेवा केंद्रों को तुरंत सक्रिय किया जाना चाहिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34mJpxa
via IFTTT