किसानों से रूबरू हुए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, बोले- चिंता ना करो, थारी गेल्या खड़ा सूं 

“सारे किसान भाइयां न राम-राम, ईब सुनो थारी फसल का एक-एक दाना खरीदेगी सरकार। थांनै कोई दिक्कत ना होवै इस खातर गाम-गाम म्है घणी और मंडी बना दी सै, थारी फसल के हिसाब से, चिंता न करो थारी गेल्या खड़ा सूं”। सरसों अर कणक का एक एक दाणा खरीदूंगा। कुछ इसी तरह का संवाद प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और खेतों में काम कर रहे किसानों के बीच था।

दरअसल गुरुवार को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने चंडीगढ़ स्थित अपने आवास से प्रदेशभर में दर्जनों किसानों के साथ वाट्सएप पर वीडियो कॉल से बात की। इस दौरान डिप्टी सीएम ने किसानों को गेहूं और सरसों की फसल खरीद के लिए सरकार द्वारा बनाई व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। साथ ही किसानों से कोरोना महामारी से बचने के लिए सभी जरूरी उपाय अपनाने की अपील की।

उपमुख्यमंत्री ने रोहतक ज़िले के गांव चुलियाना वासी किसान सुभाष से बात करते हुए ग्रामीणों का हाल-चाल पूछा व फसल कटाई के बारे में जानकारी ली। किसान सुभाष ने गेंहू की कटाई के लिए कंबाइन न होने की समस्या उप-मुख्यमंत्री को बताई। जिस पर दुष्यंत चौटाला ने कंबाइन की उपलब्धता को लेकर आश्वस्त किया कि फसल कटाई के लिए किसानों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी और फसल कटाई के लिए कंबाइनों की पूरी व्यवस्था की जाएगी।

दुष्यंत चौटाला ने गांव चिंडालिया, हलका नारनौल के किसान राजकुमार व उनकी माता पतासी देवी से भी बातचीत की। उन्होंने घर व उनके गांव में सब राजी-खुशी के बारे में बातचीत की तथा फसल के बारे में पूछा। दुष्यंत चौटाला ने हरियाणवी अंदाज में पूछा कि “ताई सब ठीक-ठाक, …अर फसल आच्छी सै के”। जिस पर ताई ने कहा कि दुष्यंत बेटा सब राजी सै और फसल भी आछी सै।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2JXkEOx
via IFTTT