शहजादपुर के एक परिवार के तीनों सदस्यों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई, अब तीसरी का इंतजार

शहजादपुर के राजपुताना मोहल्ले के परिवार के तीनों सदस्यों के सैंपल की रिपोर्ट करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज से सोमवार को निगेटिव रिपोर्ट आई है। गुरुग्राम की प्राइवेट लैब एसआरएल की रविवार को आई रिपोर्ट में तीनों को कोरोना पॉजिटिव बताया गया था। जिसके बाद तीनों को मुलाना के एमएम अस्पताल (कोविड19) के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। अब तीनों के दोबारा सैंपल भेजे गए हैं। उसकी रिपोर्ट आने के आधार पर उनको अस्पताल में रखने या छुट्टी करने पर फैसला होगा। इससे पहले अम्बाला कैंट के कंटेनमेंट जोन में ड्यूटी देने वाली सहायक नर्स (एएनएम) की रिपोर्ट को लेकर भी कंफ्यूजन हुआ था। गुरुग्राम की इसी लैब ने शनिवार को एएनएम के सैंपल को पॉजिटिव बताया था। जबकि दोबारा खानपुर कलां में भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
स्वास्थ्य महानिदेशक (डीजी) सूरजभान कांबोज ने दैनिक भास्कर को बताया कि अम्बाला में दो दिन में 4 रिपोर्ट में इस तरह अंतर का मामला सामने आने के बाद अम्बाला सीएमओ को जांच करने के लिए कहा गया है। यह पता लगाया जाएगा कि किस स्तर पर गड़बड़ी हुई है। वहीं, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह का कहना है कि गुरुग्राम की लैब से सैंपल की रिपोर्ट और सरकारी लैब की रिपोर्ट में अंतर आया था। डीजी हेल्थ से जांच के मौखिक आदेश मिले हैं। इस लैब में अम्बाला से करीब 200 सैंपल भेजे गए, जिनमें से 4 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 5-6 सैंपल और हैं, जिनके लिए पीजीआई हेड से बात की गई है। सैंपलों की कंपाइल रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी। लैब के खिलाफ भी लिखा जा रहा है। लैब की रिपोर्ट पर संदेह हुआ, इसीलिए सैंपल दोबारा भेजे गए, नहीं तो 15 दिन बाद रिपीट सैंपल भेजे जाते हैं। हमें संदेश इसलिए हुआ कि इन मरीजों में कोई लक्षण भी नहीं थे।

शहजादपुर के परिवार की रिपोर्ट पर इसलिए हुआ संदेह
पहला :
जिस परिवार के 3 सदस्यों की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई, वे डॉ. नागपाल के क्लीनिक के सीधे संपर्क में नहीं आए थे। इस परिवार की मुखिया महिला व उनका जो बेटा क्लीनिक गए थे, उनकी खुद की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। यही नहीं परिवार के 14 में से 11 लोगों की सैंपल रिपोर्ट निगेटिव रही।
दूसरा : जिन तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे।
तीसरा : इसी लैब से एक दिन पहले ही अम्बाला कैंट की एएनएम के सैंपल की पॉजिटिव रिपोर्ट दी थी जबकि सरकारी लैब में दो बार सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई।

शहजादपुर में डॉ. नागपाल के 146 कांटेक्ट मिले, 57 के सैंपल लिए
पंचकूला के डॉ. ऋषिपाल नागपाल के क्लीनिक में 6 से 13 अप्रैल तक गए शहजादपुर के 19 मरीजों के आगे 146 कांटेक्ट (संपर्क में आने वाले) मिले हैं। जिनमें से 57 लोगों के धनाना कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में सैंपल लिए गए। डॉ. नागपाल के पास से 190 मरीजों की लिस्ट मिली थी, जिनमें से 19 शहजादपुर एरिया के थे। राहत की बात ये है कि डॉ. नागपाल से इलाज कराने वाली महिला के परिवार के जिन 3 सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, उनकी सरकारी लैब से रिपोर्ट निगेटिव आई है।

यही नहीं इस परिवार के 14वें सदस्य की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। नागपाल क्लीनिक में गए एक मरीज के परिवार के 9 सदस्यों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। शहजादपुर के एसएमओ डॉ. तरूण प्रसाद ने बताया कि सोमवार को जो 57 सैंपल लिए गए हैं, उनमें एक पुलिस कर्मी व एक हेल्थ कर्मी भी शामिल हैं। इनकी मांग पर सैंपल कराए गए। शहजादपुर क्षेत्र से कुल 159 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 96 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 63 की रिपोर्ट आनी बाकी है।

आरोग्य सेतु से मिली 2800 की सूची
सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह के मुताबिक जिले के 2800 लोगों की सूची आरोग्य सेतु एप के माध्यम से प्राप्त हुई है। इन लोगों ने खांसी, जुकाम व बुखार जैसे लक्षण बताए थे। कार्यालय के 25 कर्मियों ने इनमें से 2512 लोगों से संपर्क कर लिया। अभी भी 25 लोगों में ऐसे लक्षण पाए गए हैं। मंगलवार को इन लोगों की जांच की जाएगी और जरूरत पड़ी तो सैंपल लिया जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
The second report of the three members of a family of Shahzadpur came negative, now waiting for the third


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2zatuq6
via IFTTT