दिल्ली से पटियाला पैदल ही जा रहे हैं कई मजदूर

लाॅकडाउन में फंसे मजदूरों काे अपने घरों को वापसी जारी है। यातायात का कोई साधन उपलब्ध नहीं होने के बावजूद कामगार पैदल अपना सफर तय कर रहे हैं। हाईवे पर दिनभर पैदल चलते मजदूरों के समूह नजर आते हैं जो हर हाल में अपने घर लौटना चाहते हैं। लॉकडाउन में रोजगार नहीं मिलने से आर्थिक तंगहाली का सामना कर रहे लोगों को अपने घरों के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं सूझ रहा है। करीब 2 महीने पहले पंजाब से मजदूरी करने दिल्ली गए जगरूप सिंह, जसबीर, हरप्रीत, गुरविंदर व सिंदर पाल वापस लौट रहे हैं। हाईवे पर पैदल चल रहे इन लोगों के सिर पर सामान की गठरिया और आंखों में जल्द अपने परिवार के पास पहुंचने की उम्मीद है।

दिल्ली से लौट रहे मजदूरों ने बताया कि वे फसल कटाई के लिए कम्बाइन मशीन व रिपर पर काम करने के लिए गए थे। एक महीने तो ठेकेदार ने उन्हें काम दिया, लेकिन लॉकडाउन लगने के बाद उन्हें कोई काम भी नहीं मिला। एक महीने में जो कुछ कमाया था लॉकडाउन में उसी से अपना गुजर बसर किया। अब दिल्ली में उन्हें रोजगार मिलने की उम्मीद दिखाई नहीं दे रही थी इसलिए मजबूरन अपने घरों को लौटना ही बेहतर समझा। ये लोग शनिवार की सुबह पैदल दिल्ली से पटियाला के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने कहा कि 250 किलोमीटर का सफर भगवान भरोसे ही रहेगा क्योंकि रास्ते में खाने पीने की कोई व्यवस्था नहीं है। दिल्ली से यहां तक के सफर में एक ट्रैक्टर ट्राली में लिफ्ट मिली थी बाकी का रास्ता पैदल यात्रा करनी पड़ रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Many laborers are going on foot from Delhi to Patiala


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/357QtOo
via IFTTT