लॉकडाउन के दौरान किसी भी स्कूल संचालक ने फीस नहीं मांगी: मेहता


अम्बाला सिटी | सहोदय स्कूल संचालक सरकार के आदेशों की पालना कर रहे हैं और किसी भी अभिभावक पर फीस जमा करवाने के लिए कोई दबाव नहीं दिया जा रहा। यह बात सहोदय के प्रधान राजीव मेहता व महासचिव प्रशांत मुंजाल ने कही। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत मैसेज आ रहे हैं कि स्कूल संचालक फीस नहीं लेंगे, लेकिन सरकार की तरफ से कोई ऐसे आदेश नहीं हैं। मुंजाल ने सरकार द्वारा जारी किए गए लेटर का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने केवल लॉक डाउन तक फीस न मांगने के लिए कहा है और अभी तक कोई भी स्कूल संचालक ने फीस नहीं मांगी और न ही कोई दबाव बनाया। सहोदय के प्रवक्ता सौरभ कपूर ने बताया कि स्कूलों को लेकर सोशल मीडिया पर गलत प्रचार किया जा रहा है, जिसके कारण अभिभावक भ्रमित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सहोदय के पदाधिकारियों की आपसी बातचीत में यह भी बात सामने आई है कि जिन अभिभावकों को स्कूलों की तरफ से मैसेज जा रहे हैं वह केवल ऑटो जनरेट मैसेज हैं। क्योंकि हर महीने इस तरह के मैसेज अभिभावकों को जाते हैं और इस मैसेज को लेकर अभिभावकों को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। लॉक डाउन को देखते हुए सहोदय ने कहा कि स्कूल संचालक इस आपदा में अभिभावकों के साथ हैं और किसी से भी लेट फीस नहीं ली जाएगी। प्रधान राजीव मेहता व महासचिव प्रशांत मुंजाल ने अभिभावकों से अपील की कि वह स्कूल संचालकों द्वारा भेजे गए काम को घर में बच्चों से करवाएं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aS39LI
via IFTTT