भिवानी रेलवे स्टेशन से चरखी दादरी के श्रमिकाें काे लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन छतरपुर के लिए रविवार को 1200 प्रवासियों को लेकर शाम 19 बजे रवाना हुई। इससे पहले शनिवार सुबह बिहार के पूर्णिया के लिए ट्रेन 1198 प्रवासियों को लेकर रवाना हुई थी और अब मंगलवार को भिवानी से तीसरी श्रमिक स्पेशल ट्रेन किशनगंज के लिए रवाना होगी। छतरपुर के लिए गई ट्रेन में बच्चे, महिलाएं, युवा, पुरूष व बुजुर्ग सभी शामिल रहे।
ट्रेन के चलने पर प्रवासी मजदूरों ने घर वापसी पर हाथ हिलाकर खुशी जताई। चरखी दादरी के श्रमिकों को ले जाने के लिए भिवानी जंक्शन पर रविवार अलसुबह 1 बजकर 55 मिनट पर 24 बोगियों का रैक और पावर हिसार से आई। भिवानी जंक्शन पर प्रवासियों के बीच सोशल डिस्टेंस बनाने और सुरक्षा की दृष्टि से आरपीएफ, जीआरपी व हरियाणा पुलिस के कर्मचारी तैनात रहे। आरपीएफ इंजार्च उषा निरंकारी ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के 37 जवान तैनात रहे। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और सारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रवासी श्रमिकों को छतरपुर के लिए रेलवे स्टेशन पर ही टिकट दी गई। प्रत्येक यात्री की टिकट पर पेड बाय हरियाणा गवर्नमेंट की मोहर लगाई गई। भिवानी से छतरपुर की कुल दूरी 755 किलोमीटर है।
वहीं प्रत्येक यात्री के टिकट का मूल्य 430 रुपये था। सोशल डिस्टेंस मेंटेन रखते हुए श्रमिकों को उनके घर के लिए रवाना किया। ये मजदूर मध्यप्रदेश के भिंड, मुरैना, दमोह, सागर, छतरपुर, रीवा, जबलपुर आदि जिलों की ओर रवाना किए गए हैं। इससे पहले दादरी से रविवार दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर 30 बसों से 1200 श्रमिकों को हेल्थ चेकअप व भोजन करवाकर बस में भिवानी स्टेशन के लिए बैठाया गया। राज्य परिवहन विभाग दादरी डिपो की बसों से ये श्रमिक भिवानी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। यहां इन सभी का बारी-बारी से दोबारा चेकअप करवाया गया। यह ट्रेन साेमवार सुबह छह बजे अपने गंतव्य पर पहुंचेगी। ट्रेन रोहतक, दिल्ली, पलवल, झांसी होते हुए जाएगी इसका ठहराव छतरपुर में ही होगा। श्रमिकों को सकुशल उनके घर रवाना करने में डीसी, एडीसी मो. इमरान रजा, एसडीएम डाॅ. विरेंद्र सिंह, बाढड़ा एसडीएम प्रीतपाल सिंह व सिटीएम संदीप अग्रवाल, डीएसपी हेडक्वार्टर भिवानी वीरेंद्र सिंह, डीआरओ सुखबीर सिंह, भिवानी जंक्शन एसएस जीके गुप्ता, आरपीएफ थाना इंचार्ज उषा निरंकारी, नप के अभियंता सुंदर श्योराण, रोडवेज महाप्रबंधक धनराज कुंडू, डीएसपी अनिल कुमार, तहसीलदार अजय सैनी आदि उपस्थित रहे।
जानिए ये भी.. कल किशनगंज जाएगी स्पेशल ट्रेन
बता दें कि 9 मई को बिहार के पूर्णिया के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन से प्रवासियों को रवाना किया गया। रविवार काे भिवानी जंक्शन से छतरपुर एमपी के लिए ट्रेन गई और अब मंगलवार को किशनगंज के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलेगी।
रेलवे स्टेशन का आंखों देखा हाल
भिवानी जंक्शन से चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन के लिए चरखी दादरी से श्रमिकों को बसों से भिवानी जंक्शन पर लाया गया। इसके बाद उनकी मुख्य गेट के पास ही सोशल डिस्टेंस को ध्यान में रखते हुए पंक्ति बनवाई गई। एंट्री गेट से पहले ही कर्मचारियों ने लिस्ट में श्रमिकों के नाम का मिलान किया। इसके बाद स्क्रिनिंग, हाथों को सैनिटाइज करवाया गया। प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंचते ही प्रवासियों को जूस का पैकेट, मास्क व गमछा दिया गया। सफेद गोल दायरों में खड़े होकर प्रवासियों को उनके कोच के सामने ही टिकट प्रदान कर गाड़ी में बैठाया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर तैनात पुलिस के जवानों के कारण स्टेशन छावनी में तब्दील नजर आता है। यहां पर काफी संख्या में पुलिस तैनात की गई थी। इसके अलावा स्टेशन की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते पर वैश्य कॉलेज के पास, वैश्य कॉलेज के साथ वाली गली, सिविल अस्पताल के साथ से कृष्णा काॅलाेनी की ओर जाने वाले रास्ते सहित स्टेशन की ओर जाने वाले मार्गों पर व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बैरिकेड लगाए गए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2yK86bw
via IFTTT