दो माह बाद हरियाणा रोडवेज बहादुरगढ़ डिपो से तीन अलग-अलग रूटों पर दौड़नी शुरू हो गई, लेकिन यात्रियों की गिनती दस से अधिक नहीं बढ़ पाई। एक बड़ी बस में निर्धारित किए 30 यात्रियों में से 5-10 यात्री ही बैठे नजर आए। सीटें ज्यादातर खाली रहीं। चालक-परिचालक भी यात्रियों का इंतजार करते दिखे। बस स्टैंड पर भी कोई खास चहल-पहल नहीं दिखी। बस में यात्रा करने को लेकर सोशल डिस्टेंसिंग पर पूरा फोकस रखा गया।
बिना मास्क लगाए यात्रियों को बसों में प्रवेश नहीं करने नहीं दिया। निर्धारित बस स्टॉप पर ही उनका ठहराव हुआ। दिल्ली से स्टे बहादुरगढ़ में पिछले 2 माह से लॉकडाउन दौरान बसों के पहिए थमे हुए थे। कुछ बसों का संचालन कोरोना महामारी से निपटने के लिए मोबाइल डिस्पेंसरी के तौर पर किया था। डाॅक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की टीम बस में बैठकर ही उनकी जांच कार्य भी कर रही है।
आमजन के लिए बसों का सफर प्रतिबंधित था, लेकिन अब जिला प्रशासन की ओर से लॉकडाउन के चौथे चरण में कुछ ढिलाई दिए जाने के बाद जहां बाजारों में दुकानें खुली, वहीं शनिवार से बहादुरगढ़ से झज्जर-बहादुरगढ़ से बाढ़सा, बहादुरगढ़ से बेरी रूट पर बसों का संचालन किया, लेकिन इन बसों में प्रशासन ने जितने यात्रियों के बैठने के लिए सीटे निर्धारित की थी, उससे भी कम ही लोगों ने पहले दिन सफर किया। क्योंकि बाजारों में अभी भी अनेक तरह की दुकानों के खुलने से संबंधित लोगों में असमंजस है।
कोरोना संक्रमण की चपेट में आने को लेकर भी लोग आशंकित रहते हैं। ऐसे में काफी लोगों ने रोडवेज बसों से इधर-उधर आने जाने में दूरी बनाई है। इस कारण अभी रोडवेज की बसें खाली खाली नजर आ रही हैं। क्योंकि व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर आ रही है। ऐसे में बाजारों में खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों की संख्या भी ज्यादा नहीं है। स्कूल कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थान बंद हैं। ऐसे में विद्यार्थियों का आवागमन भी नहीं हैं। बेरी जा रहे सचिन वर्मा ने कहा कि स्थिति सामान्य होने पर ही बसों की तरफ कदम बढ़ेंगे।
धीरे-धीरे यात्रियों की संख्या बढ़ेगी
: बहादुरगढ़ बस स्टैंड के डीआई धर्मबीर राठी का कहना है कि यहां से 3 निर्धारित रूटों पर शनिवार से बसों का संचालन किया। हालांकि पहले दिन यात्री बेहद कम ही रहे। मगर धीरे-धीरे यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। जैसे-जैसे लोग इस संकट से बाहर आएंगे तो यात्रियों की संख्या में भी इजाफा होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2AXi0av
via IFTTT