7 बजकर 9 मिनट पर दुकान खुली मिलने पर दुकानदार काे जीप में ले गई पुलिस, विरोध में आए अन्य व्यापारी

शहर के मेन बाजार में दुकान खुली मिलने पर पुलिस कार्रवाई से नाराज व्यापारी वर्ग ने विरोध जताया है। व्यापारी इस मामले में शनिवार को डीसी जितेन्द्र कुमार के दफ्तर में गए, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। लिहाजा अब व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल रविवार को डीसी से मुलाकात करेगा। शहर के प्रमुख व्यापारियों में से एक महेंद्र बंसल ने बताया कि शहर का व्यापारी लॉकडाउन के नियमों का पूरी तरीके से पालन कर रहा है। उसके बाद भी पुलिस का रवैया सहयोग पूर्ण नहीं।

बंसल ने बताया कि झज्जर मेन बाजार में बीएम ट्रेडर्स के संचालक अपनी दुकान पर 7 बजकर 9 मिनट पर था तभी पुलिस आई और उन्हें जीप में बिठाकर ले गई जबकि 7 बजने के बाद दुकान बंद करने के नियम का पालन सभी दुकानदार कर रहे हैं। हालांकि कुछ दुकानदार ऐसे ग्राहकों के कारण लेट हो जाते हैं जो बिल्कुल एंड टाइम पर सामान लेने पहुंचते हैं। बंसल ने कहा पुलिस से व्यापारियों ने काफी निवेदन किया, लेकिन पुलिस ने कोई बात नहीं सुनीं, जबकि एक अन्य दुकानदार समर्थन में आया तो पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।

इसको लेकर व्यापारियों में रोष बना हुआ है। व्यापारी ने बताया कि पुलिस जब व्यापारी को ले गई तब डीसी को फोन किया गया उसके बाद ही पुलिस ने दुकानदार को छोड़ा। बंसल ने कहा कि व्यापारी वर्ग पुलिस और प्रशासन से कोई टकराव नहीं चाहता, लेकिन पुलिस के व्यवहार से दुखी हैं लिहाजा वे इस मामले को लेकर डीसी से बात करेंगे।

एसएचओ बोले-डीसी के आदेशों की पालना कर रहे हैं

इस मामले में सिटी थाने के एसएचओ रोशनलाल का कहना है कि सभी दुकानदार लॉकडाउन के नियमों को माने इसके लिए वे डीसी साहब के आदेशों की ही पालना दुकानदारों से करवा रहे हैं। शुक्रवार को जिस दुकानदार को पकड़ा गया वो शाम सात बजे के बाद भी अपनी दुकान पर था और कोई ग्राहक भी दुकान पर नहीं था। पुलिस भी इस बात को समझती है और सात बजने पर भी कई बार दुकान के अंदर ग्राहक होने पर दुकानदार को सामान देने की छूट देती आई है। एसएचओ ने कहा कि अब इसके बाद भी दुकानदार उनके खिलाफ शिकायत करें तो ये उनका अधिकार है। उन्होंने दुकानदारों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी थी धमकी देने का आरोप गलत है।

दुकानदार बोले-वे तो पुलिस के सायरन से ही डर जाते हैं

मेन बाजार में एक व्यापारी को पुलिस के द्वारा पकड़े जाने और एक अन्य व्यापारी को दुकानदार के समर्थन में ही बात कहने पर पुलिस द्वारा धमका देने के मामले में व्यापारियों में रोष बना हुआ है। व्यापारी विपिन जैन और प्रकाश चंद गर्ग का कहना है कि शहर के व्यापारी तो पुलिस की गाड़ी के सायरन सुनकर ही डर जाते हैं और तुरंत शटर नीचे कर लेते हैं ऐसे में अगर पुलिस व्यापारियों को धमकाने लगे तो व्यापारी फिर कहां जाएंगे। इसी मामले को लेकर पुलिस का रवैया दुकानदारों और व्यापारियों के प्रति सद्भाव पूर्व रहने को लेकर रविवार को डीसी से मिला जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
झज्जर का मेन बाजार में दोपहर के समय पसरा सन्नाटा।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gbPoKR
via IFTTT