अम्बाला में एक्टिवा पर जा रहे गुजराती फर्म के कर्मी से पल्सर सवारों ने 72 लाख रु. लूटे

अहमदाबाद में कृषि से संबंधित सामान की खरीद-फरोख्त करने वाली कंपनी एसके ट्रेडर्स के कर्मचारी विनोद पटेल से अम्बाला में 72.35 लाख रुपए की लूट हो गई। कर्मचारी शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अम्बाला सिटी के सेक्टर-1 में अपने घर से जगाधरी के लिए एक्टिवा पर बैग में नकदी लेकर अकेले निकला था।

आरोप है कि जगाधरी रोड पर गांव खुड्‌डा के पास करीब 6:30 पर काली पल्सर पर सवार 3 बदमाशों ने रोक लिया। उसके सिर पर पिस्टल का बट मारा गया और बैग लेकर फरार हो गए। मामले की जानकारी विनोद ने कंपनी के मैनेजर को दी। कंपनी मालिक कमलेश शाह अहमदाबाद से आए। शाह की शिकायत पर रविवार देर रात महेशनगर थाना पुलिस ने लूट व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। लूट की इस घटना के बाद डिटेक्टिव व क्राइम एक्सपर्ट ने भी मौके का दौरा किया।

फिलहाल पुलिस आरोपों की सच्चाई जानने का प्रयास कर रही है। जांच का विषय है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे लेकर यमुनानगर अकेला व्यक्ति कैसे जा सकता है। महेशनगर थाने की पुलिस को दी शिकायत में कमलेश ने बताया कि घटना 19 जून की है। उनका कर्मचारी विनोद सेक्टर 1 में किराए के मकान से 72.35 लाख रुपए कैश लेकर यमुनानगर एक्टिवा पर जा रहा था। वह अकेला था और बैग में यह राशि थी। जैसे ही वह जगाधरी रोड पर खड्‌डा के पास पुल पर पहुंचा तो पल्सर बाइक पर सवार 3 युवाओं ने उसे रोका लिया।

आरोपियों ने मुंह पर कपड़ा बांधा था और एक युवक विनोद पटेल के पीछे एक्टिवा पर बैठ गया। उसने विनोद की पीठ पर पिस्टल लगाकर आगे चलने को कहा। विनोद ने एक्टिवा वापस मोड़ने की कोशिश की तो एक युवक ने पिस्टल का बट्ट विनोद के हेल्मेट पर मारा। हेलमेट टूट गया। विनोद ने कैश से भरा बैग पुल से नीचे फेंक दिया। 2 युवक बैग उठाने के लिए पुल से नीचे उतर गए। उनके पीछे विनोद भी गया तो बदमाशों ने दोबारा पिस्टल का बट्ट उसके सिर पर मारा और कैश लेकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिय है।

इतनी मात्रा में कैश कहां से आया था, किन-किन स्थानों से कैश एकत्रित किया गया, आदि तथ्यों को खंगाला जा रहा है। घायल विनोद को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, जिससे पूछताछ की गई है। पुलिस के लिए यह मामला अभी पूरी तरह साफ नहीं क्योंकि अकेला कर्मचारी सुबह 6 बजे घर से 72 लाख कैश एक बैग में रखकर क्यों निकला। यदि उसने यमुनानगर कैश पहुंचाना था वह सुरक्षित तरीके से भी इसे ले जा सकता था। महेशनगर एसएचओ जसवंत सिंह ने बताया कि कंपनी के पुराने दर्ज मामलों को भी खंगाला जा रहा है।

2018 में धारूहेड़ा में 4.5 करोड़ की लूट हुई थी, आरोपी पकड़े गए
अहमदाबाद निवासी कमलेश शाह ने बताया कि उनकी एसके ट्रेडर्स का मुख्य कार्यालय घाटलोडिया अहमदाबाद में है। उनकी कंपनी में 46 शाखाएं व 300 कर्मचारी हैं। कंपनी का बीते साल 102 करोड़ रु. कारोबार था। कंपनी कर्मचारियों के साथ हरियाणा में यह लूट की चौथी वारदात है। इससे पहले यमुनानगर में साल 2016 में लूट का केस दर्ज है। 2018 में रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर धारुहेड़ा के पास 4.5 करोड़ लूट हुई।

22 जनवरी 2020 को यमुनानगर में कंपनी से जुड़े मकान में 80.20 लाख की डकैती हुई। धारुहेड़ा लूट के आरोपी पकड़े गए थे व 2.25 करोड़ रु. बरामद हुए थे। आरोपी दानिश के दाऊद इब्राहिम से तार जुड़े थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रतीकात्मक फोटो


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Bu1YoL
via IFTTT