डीएम हैफेड वेदपाल मलिक ने बताया कि डीसी अशोक कुमार शर्मा के दिशा-निर्देशानुसार जिला की मंडियों में सूरजमुखी की खरीद सुचारू रूप से जारी है। यह खरीद हैफेड और हरियाणा भंडारण निगम द्वारा किसानों से सीधे तौर पर की जा रही है। सूरजमुखी न्यूनतम मूल्य 5650 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीदी जा रही है। यह खरीद भारत सरकार की नीति प्राइस स्पोर्ट स्कीम के तहत है। पैसे सीधे किसानों के खातों में स्थानांतरित होंगे।
हैफेड के जिला प्रबंधक वीपी मलिक ने बताया कि इस बार अम्बाला शहर, अम्बाला कैंट, मुलाना, शहजादपुर व बरवाला मंडी मे सूरजमुखी की खरीद की जा रही है। अम्बाला शहर, शहजादपुर व बरवाला मंडी से हैफेड व अम्बाला कैंट व मुलाना मंडी से हरियाणा भंडारण निगम सूरजमुखी की खरीद की जा रही है। यह खरीद आढ़तियों के द्वारा न करके सीधे हैफेड और हरियाणा भण्डारण निगम द्वारा मार्केटिंग सोसाइटी की मार्फत की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सरकारी खरीद का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा जो किसान मेरी फसल मेरा ब्यौरा पर पंजीकृत होंगे। उन्होंने बताया कि सूरजमुखी की खरीद कार्य के तहत 2724.785 मीट्रिक टन सूरजमुखी की खरीद की जा चुकी है, वहीं, 1695.228 मीट्रिक टन सूरजमुखी की लिफ्टिंग भी हो चुकी है। हैफेड द्वारा 785.460 मीट्रिक टन व हरियाणा वेयर हाउसिंग द्वारा 1939.324 मीट्रिक टन सूरजमुखी की खरीद की जा चुकी है।
उन्हाेंने बताया कि सरकारी निर्देशों के अनुसार एक दिन में एक किसान से अधिकतम 40 क्विंटल तक सूरजमुखी की खरीद की जा रही है। प्रति एकड़ 7.05 क्विंटल औसत पैदावार आंकी गई है। किसानों से आग्रह किया गया है कि सूरजमुखी की फसल मंडियों में एक साथ न लाकर मार्केटिंग बोर्ड कमेटी द्वारा जारी दिनों व गांव सारणी के अनुसार ही फसल लाए ताकि सूरजमुखी की खरीद में किसी को असुविधा न हो।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YYmzcS
via IFTTT