जिले में कोरोना नॉन स्टॉप जारी है। तेजी से बढ़ते केस की संख्या 500 पार कर गई, क्योंकि एक ही दिन में 59 नए पॉजिटिव केस सामने आ गए। जिले में ये पहली बार हुआ कि इतने अधिक केस एक ही दिन में सामने आए हों। इन्हें मिलाकर जिले के संक्रमितों का आंकड़ा 533 पर पहुंच गया। इनमें 338 एक्टिव केस हैं।
उपचाराधीन 42 मरीजों को स्वास्थ्य विभाग ने स्वस्थ घोषित करते हुए छुट्टी दे दी है। लेकिन यह राहत अभी इसलिए काफी नहीं है, क्योंकि अब सामुदायिक संक्रमण फैल रहा है। इसी का नतीजा है कि 59 लोगों की सूची में 10 साल से कम उम्र के भी 8 बच्चे शामिल हैं। इसलिए बचाव की जरूरत ज्यादा है। 338 एक्टिव केस में दो विभिन्न अस्पतालों में व 30 जिला कोविड केयर सैंटर में एडमिट हैं, जबकि 306 कोविड मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं।
मेडिकल हेल्थ बुलेटिन के अनुसार बुधवार को जिले के धारूहेड़ा से 11, छिपटवाड़ा से 7, कोसली से 5, सेक्टर 3 से 4, तेजपुरा व कायस्थवाड़ा से 3-3, सरस्वती विहार, आसदपुर, काजीवाड़ा, महावीर नगर से 2-2 केस आए। जबकि एक-एक केस मस्तापुर, संघी का बास, हांसाका, सुंदरोज, मयूर विहार, सुर्खपुर, कुतुबपुर, शक्तिनगर, लिसाना, माॅडल टाउन, राजावास, विजय नगर व घीसा की ढाणी से संबंधित हैं तथा 5 केसों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।
सभी प्राईवेट अस्पतालों को 25% बेड कोविड के लिए रखने हैं आरक्षित बेड के साथ स्टॅाफ, दवाई, आईसीयू सहित अन्य चिकित्सा सुविधाएं भी
डीसी यशेन्द्र सिंह ने कहा कि महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा सरकार के आदेशों की अनुपालना में जिला की राजस्व सीमा में कार्यरत सभी पब्लिक व प्राईवेट अस्पतालों में 25 % बेड कोविड-19 मरीज के लिए आरक्षित रखने होंगे। जिलाधीश द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए पब्लिक व प्राईवेट अस्पतालों को 25 प्रतिशत बेड के साथ मेडिकल स्टॅाफ, दवाई, आईसीयू सहित अन्य चिकित्सा सुविधाएं भी शामिल हैं।
बेड स्टाफ व चिकित्सा उपकरणों तथा दवाई कोविड मरीजों के लिए आरक्षित रखते हुए प्राइवेट अस्पताल संचालकों को प्रतिदिन सिविल सर्जन कार्यालय को सूचित करना होगी। साथ ही अस्पताल के गेट पर सुबह 10 बजे व शाम को 6 बजे कोविड -19 मरीज के लिए आरक्षित भरे हुए बेड व रिक्त बेड की सूची प्रदर्शित करना जरूरी होगा। सभी प्राईवेट में आरक्षित किए गए बेड की जानकारी एनआईसी द्वारा आनॅलाइन पोर्टल पर भी अपडेट की जाएगी, ताकि कोरोना की रोकथाम व इलाज के लिए किए जा रहे प्रबंधों की बेहतर तरीके से निगरानी की जा सके।
विदेश से आए 3 स्टूडेंट मिल चुके पॉजिटिव : डॉ. डबास
एनएच-8 स्थित क्वारेंटाइन सेंटर में विदेश से लौटी छात्रा संक्रमित मिली है। सेंटर के मेडिकल इंचार्ज डेंटल सर्जन डॉ. विजय डबास ने बताया कि अभी तक हमारे यहां सबसे अधिक 54 विदेश से लौटे छात्र छात्राएं रुके हैं। यह तीसरा केस है जो पॉजिटिव मिला है। इससे पहले भी 2 छात्र संक्रमित मिल चुके हैं । डॉ. विजय डबास ने बताया कि सरकार के दिशा निर्देशानुसार विदेश से लौटे सभी लोगों को 7 दिन तक सेंटर में तथा अगले 7 दिन होम क्वारेंटाइन में भेज दिया जाता है।
इनको पहले एयरपोर्ट से प्रशासन की गाड़ियों से लाया जाता था, परन्तु बदले नियमों के बाद अब ये सभी एयरपोर्ट से कैब करके क्वारेंटाइन सेंटर आ रहें हैं। हो सकता है कि कैब चालक संक्रमित हो। वहां से इन्हें संक्रमण हुआ हो। उन्होंने बताया कि छात्रा को किसी प्रकार का कोई लक्षण नहीं है। छात्रा की कांटेक्ट हिस्ट्री तलाशी जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZatJvP
via IFTTT