सावन माह के तीसरे दिन सुबह से छाए अासमान में मानसून के बादल आखिर दोपहर बाद जिला के कई हिस्सों में बारिश लेकर आए। पाल्हावास और बावल में बादल छाए, लेकिन बूंदाबांदी ही रही। वहीं रेवाड़ी शहर व कोसली क्षेत्र में केवल बौछारें ही गिरीं।
जबकि सबसे ज्यादा मनेठी तहसील के अंतर्गत 10 एमएम बरसात दर्ज की गई। साथ ही जिले में औसत 4 एमएम बरसात दर्ज की गई। हालांकि जिले के कई क्षेत्रों में देर शाम तक बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। सावन माह की फुहारों से मौसम भी सुहावना हो गया। इस कारण दिन के तापमान में भी गिरावट रही और कई दिनों से चल रही गर्मी से भी फिलहाल लोगों को राहत मिली। दिन का तापमान लुढ़ककर 35 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं रात का तापमान 25.8 पर आ गया। इधर, बूंदाबांदी से कपास के साथ ही बाजरे की फसल को भी फायदा हुआ है।
इस बूंदाबांदी से दिन का तापमान भी लुढ़का है। झमाझम फुहारों से मौसम सुहावना हो गया। बता दें कि पिछले कई दिनों से दिन के तापमान में बढ़ोतरी तो नहीं लेकिन बारिश नहीं होने से गर्मी ने लोगों को खूब हलकान किया। गर्मी के चलते दिन में उमस भी रही है। वहीं मानसून के 26 जून से लगने के बाद यह दूसरी बार बूंदाबांदी है।
आगे क्या...चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल 12 जुलाई तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं उत्तरी हरियाणा में मध्यम बारिश परन्तु पश्चिमी व दक्षिणी हरियाणा में हल्की बारिश संभावित है। इस दौरान तापमान भी लुढ़कने की संभावना रहेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gCgIRR
via IFTTT