आवश्यक वस्तुएं अधिनियम के तहत आने वाली दुकानें खुली रहेंगी, नहीं होगी असुविधा
जिले में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने व जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए एडीसी वत्सल वशिष्ठ की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक हुई। बैठक में जिलाधीश द्वारा नियुक्त सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट, डीएसपी, सिविल सर्जन, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक, जिला ड्रग कंट्रोलर व मार्केट कमेटी के सचिव आदि अधिकारी उपस्थित रहें।
एडीसी ने कहा कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सबसे पहला कार्य किसी भी स्थान पर 20 या अधिक व्यक्ति एकत्रित न हो, इससे कम भी हो तो स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्धारित सोशल डिस्टेंस मेंटेन करने का प्रयास किया जाए। साथ ही घर पर किसी आवश्यक चीज की जरूरत पड़े तो केवल एक ही व्यक्ति घर से निकले। पलवल, होडल व हथीन मार्केट कमेटी के सचिवों को निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यक फल-सब्जियों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सबसे पहले खुदरा व थोक विक्रेताओं की सूची तैयार करें और उन्हें आपूर्ति करने वाले सप्लायर का भी डेटा अपडेट कर लें। इसी प्रकार किराने के सामान रखने वालों का भी डेटा तैयार करें। जिला में 31 मार्च तक धारा-144 लगी है और इस दौरान केवल आवश्यक वस्तुएं अधिनियम के तहत आने वाली दुकानें खुली रहेंगी। उन्होंने बताया कि हैंडवाॅश, सेनिटाइजर व फेस मास्क को भी आवश्यक वस्तु घोषित किया गया है। जिला में हैंड सेनिटाइजर, फेस मास्क, हैंडवाॅश व आवश्यक दवाओं का पूरा स्टाक होना चाहिए।
कोरेंटाइन वालों के हाथ पर प्राउड टू प्रोटेक्ट पलवल की स्टैंप भी लगाई गई है
सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बाहर से आने वाले व्यक्तियों को कोरेंटाइन पर रखा गया है और उनके घरों के बाहर बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। कोरेंटाइन किए गए लोगों के हाथ पर प्राउड टू प्रोटेक्ट पलवल की स्टैंप भी लगाई गई है। एडीसी ने कहा कि ऐसे लोगों को निर्धारित समय सीमा के दौरान अपने घर से बाहर न निकलें इस बात को सुनिश्चित करना भी ड्युटी मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी है।
ये अधिकारी मौजूद रहे
बैठक में एसडीएम हथीन वकील अहमद, नगराधीश डॉ. जितेंद्र कुमार, डीएसपी सुरेश कुमार, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुनीता शर्मा, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक रामअवतार सिंह, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी नरेंद्र यादव, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार, जिला ड्रग कंट्रोलर कृष्ण कुमार, तहसीलदार रोहताश, बीडीपीओ उपमा अरोड़ा, नरेंद्र ढुल व जगबीर दलाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।
रविवार को ली लोगों ने सबसे स्वच्छ हवा में सांस| हवा गुणवत्ता स्तर में रविवार को कमी देखी गई। काफी समय बाद जिले का एक्यूआई 173 के करीब रहा, जबकि शनिवार को 220 और शुक्रवार को 228 था। वायु गुणवत्ता स्तर में सुधार होने का कारण कोरोना वायरस के चलते निर्माण कार्यों और औद्योगिक इकाइयों का कम चलना माना जा रहा है। रविवार को पलवल जिला के अंदर वायु में पीएम 2.5 का स्तर 173, पीएम 10 का स्तर 203, सीओ का स्तर 1440, एसओ 2 का स्तर 22, ओजोन का स्तर 26 और एनओ 3 का स्तर 7 रहा। इससे पहले शनिवार को वायु गुणवत्ता स्तर 220 और शुक्रवार को यह 228 रहा। आगे वायु गुणवत्ता स्तर और कम होने की उम्मीद जताई जा रही है, क्योंकि गर्मी के बढ़ते ही वायु में प्रदूषण की मात्रा काफी कम हो जाती है।
नागरिक अस्पताल में बना 60 बेड का आइसोलेशन वार्ड| पलवल। जिला सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि कोरोना के चलते जिला नागरिक अस्पताल में पूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले मरीजों की भीड़ को देखते हुए अस्पताल परिसर में बने नर्सिंग कॉलेज के भवन में अलग से आइसोलेशन वार्ड स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि यहां 60 बेड लगाए गए हैं। इसके अलावा छह शौचालय बनाए गए हैं। वेंटीलेटर और अन्य उपकरण भी यहां लगवाए गए हैं। आंगनबाड़ी और आशा कर्मचारियों के द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी कोरोना के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
जिला सचिवालय में अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए एडीसी वत्सल वशिष्ठ।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2J6Duma
via IFTTT