केसरी रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रक से लूटे एफसीआई के 50 बोरी चावल, 30 बोरी बरामद


केसरी रेलवे स्टेशन के पास कुछ आपराधिक तत्वों ने दिनदहाड़े ट्रक में लदे एफसीआई के 50 बोरी चावल ही लूट लिए। शनिवार को सवेरे लगभग 10 बजे इस वारदात को अंजाम दिया गया। मौके से जब किसी ने साहा पुलिस को सूचित किया तो पुलिस बड़ी मुश्किल 30 बोरी चावल ही बरामद कर सकी, 20 बोरी चावल बरामद ही नहीं हुए।

मुलाना से एफसीआई के 700 बोरी चावल लेकर बिंद्रा ट्रांसपोर्ट का ट्रक अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी में लोड करने के लिए निकला था। ट्रक का चालक सुक्खा ने साहा जगाधरी रोड की खराब हालत को देखते हुए शार्ट कट के चक्कर में गाड़ी बीहटा लिंक रोड से जाने के लिए मोड़ ली। रास्ता भटक कर गलती से वह केसरी रेलवे स्टेशन के नजदीक फाटक पर पहुंच गया। वहां ओवरब्रिज की कंस्ट्रक्शन के चलते रोड बंद थी। सुक्खा ने जैसे ही गाड़ी को बैक करना शुरू किया तो नजदीक की डेहा बस्ती के चार पांच युवक ट्रक पर चढ़ गए और धड़ाधड़ चावलों की लगभग 50 बोरियां नीचे फेंक दी, जिन्हें डेहा बस्ती से निकले आदमी औरतें उठा कर अपने अपने घर ले गए। इसी बीच किसी ने साहा पुलिस को फोन कर दिया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तो बस्ती के लोग चावलों की बोरियां लेकर अपने घरों में घुस गए। पुलिस के धमकाने पर 30 बोरियां तो तुरंत बरामद हो गई, परंतु 20 बोरियों का कुछ अता पता नहीं चला। पूरी वारदात की किसी ने वीडियाे भी बना ली।

इसी बीच ट्रक के मालिक गुरप्रीत सिंह भी थाने पहुंच गए। उन्होंने इस लूट में शामिल बस्ती के कुछ युवकों के नाम पुलिस को बताए हैं परंतु उक्त युवक पुलिस के बुलाने पर भी थाने में नहीं आए। न ही पुलिस लूट लिए गए चावल ही बरामद करवा रही है। बात फैलने से साहा थाने में कई ट्रांसपोर्टर इकट्ठे हो गए। इस पर पुलिस दबाव के चलते फिर से डेहा बस्ती में पहुंची। बस्ती में फिर से पूछताछ की तो पता चला कि जो युवक वारदात में शामिल थे। वे फरार हो गए हैं और चावलों के कट्टे भी उन्होंने कहीं छुपा दिए हैं। इस पर पुलिस ने ट्रांसपोर्टर को भरोसा दिलाया कि उनका माल हर हालत में जल्द ही बरामद करवा लिया जाएगा। इसके बाद गुरप्रीत ने साहा थाने में चावल लूटने की लिखित शर्त दर्ज करवाई है।

पूरे मामले की जांच कर रहे हैं कि लूट कैसे हुई। यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक चालक अम्बाला छावनी की बजाए केसरी स्टेशन कैसे पहुंच गया और कितना चावल गायब हुआ।
चंद्रभान, एसएचओ, साहा।

साहा में ट्रक पर चढ़कर बोरी फेंकता युवक और पीछे भागते लोग।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Ambala News - haryana news fci sacked 50 bags of rice 30 bags seized from truck near kesari railway station


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WMdjJw
via IFTTT