नया गांव की विधवा महिला अमरजीत कौर को सालाना 24 फीसद ब्याज का लालच देकर 70 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोपी सन्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। न्यायालय से आरोपी का तीन दिन का रिमांड मंजूर किया है। पीड़ित महिला ने 13 मार्च को थाना अम्बाला शहर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि कृष्णा कालोनी निवासी आरोपी तरसेम लाल, सन्नी व तीन आरोपित महिलाओं ने ब्याज का झांसा देकर साल 2009 से वर्ष 2019 तक धोखाधड़ी की है।
सिटी के चरखी माेहल्ला निवासी महिला अमरजीत कौर ने शिकायत दी कि उसके पति का निधन 1997 में हाे गया था। मेरे दाेनाें बेटे पढ़ाई के लिए विदेश गए हुए हैं। साल 2006 में उसके मकान में महिंद्र काैर किराए पर रहती थी। वह 2006 से 2008 तक रही। उसने प्लाॅट लेकर नया गांव में मकान बना लिया था। उनका अापस में मेलजोल काफी अच्छा था। तरसेम दुकानों पर बेकरी का सामान सप्लाई करता था। 2009 में तरसेम उसके पास से 5 हजार रुपए ले गया। कुछ दिन बाद 30 हजार ले गया। यह पैसा तरसेम ने उसे 6-7 महीने बाद वापस किया। इस पैसे का वह उसे हर माह 2 प्रतिशत ब्याज देने लगा।
इसी तरह वह उससे पैसे लेकर जाता था और ब्याज देने लगा था। 2011 में उसके ससुर ने जमीन बेचकर 25 लाख रुपए उसे दिए थे। उसने उन पैसों की एफडी करवा दी थी। जब उसने 2012 में एफडी तुड़वाई ताे आरोपियों काे पता चल गया था। इसके उपरांत 2015 तक आरेापियों के पास उसके 12 लाख रुपए चले गए थे। वहीं, सन्नी जो कपड़ा मार्केट में लगा था उसकी बहन व माला महिंदर कौर भी उसके घर आती-जाती थी। कई बार ब्याज की राशि उसे देकर जाते थे और मूल रकम भी लेकर जाते थे। मई 2019 तक उसके 25 लाख रुपए आरोपियों के पास जा चुके थे। जब उसने आरोपियों के अच्छे व्यवहार के बारे में अपने भाइयों काे बताया ताे आरोपियों ने उसके भाइयों काे अपनी बातों में बहला लिया। सन्नी ने उसके भाइयों काे बताया कि वह होलसेल का काम शुरू कर रहा है और उसमें बहुत प्रॉफिट है। वह उन्हें 2 प्रतिशत ब्याज देता रहेगा। इसी तरह उसके भाई ध्यान सिंह ने 12.50 लाख रुपए, जगतार सिंह 7.50 लाख रुपए, निर्मल सिंह ने 15 लाख रुपए दिए। इस प्रकार उनके करीब 70 लाख रुपए आरेापियों के पास चले गए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33GhZBV
via IFTTT