एक करोड़ से ज्यादा रुपए रिफंड कर चुका रेल मंडल, अब रिफंड काउंटर भी किए बंद


अम्बाला रेल मंडल अब तक टिकट रिफंड कराने वाले यात्रियों को एक करोड़ से ज्यादा की राशि रिफंड कर चुका है। बीते 3 दिनों में ही महज 55 लाख से ज्यादा राशि 15 हजार से ज्यादा यात्रियों को रिफंड की जा चुकी है। मगर, रेल मंडल की सीमाएं हरियाणा, पंजाब, यूपी, राजस्थान, चंडीगढ़ व हिमाचल प्रदेश में लगती है जहां अब पूरी तरह से लॉकडाउन हो गया है।

इस कारण रेल मंडल ने रिफंड काउंटर से लेकर इंक्वायरी आॅफिस भी बंद कर दिए हैं। ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से अब ठप है और ट्रेनों के रेक को यार्ड व वाशिंग लाइन में खड़ा कर दिया है। यहां सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।

रेलवे ने रिफंड काउंटरों को बंद कर दिया है और स्टेशन पर अब यात्रियों से जुड़ी हर गतिविधि ठप हो गई है। सोमवार रेलवे स्टेशन पर जाने वाले यात्रियों को रोका गया।

शाम को भी कई यात्री रिफंड लेने के लिए स्टेशन परिसर पर पहुंचे मगर उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया गया। रेल मंडल द्वारा 20 से 22 मार्च के बीच कई ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की गई थी।

इस वजह से इन 3 दिनों में रेल मंडल के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर 15,326 यात्री अपने टिकट रिफंड करा चुके हैं जिन्हें रेलवे द्वारा 55.46 लाख रुपए रिफंड किया जा चुका है। इससे पहले भी हजारों यात्रियों को रेलवे टिकट रिफंड कर चुकी है और रिफंड राशि का आंकड़ा 1 करोड़ से अधिक पहुंच गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2QG5EZw
via IFTTT