करनाल जिला में सोमवार काे कोरोना वायरस के 4 मरीजों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई। सोमवार को 4 केस मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एक पॉजिटिव की रविवार काे मौत हाे गई थी। उसका अंतिम संस्कार पीजीआई चंडीगढ़ में कर दिया है। करनाल जिले के लिए पिछले दाे दिन बड़े भारी रहे। एक पॉजिटिव की मौत हो चुकी है और 46 नए संदिग्ध दाखिल हो गए है। इनमें ज्यादातर पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में रहे हैं।
4 पॉजिटिव में से एक कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज का डाॅक्टर, एक स्टाफ नर्स है, जोकि मृतक ज्ञान सिंह के इलाज करते समय संपर्क में आए थे। ज्ञान सिंह के बेटे की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह घर और अस्पताल में उसके संपर्क था। इलाज के दौरान भी वह अस्पताल में रहा। एक व्यक्ति बिरचपुर गांव का रहने वाला है। यह मार्च में मलेशिया से आया था। गांवों वालों ने इसे स्वास्थ्य की जांच करवाने के लिए कहा था, लेकिन इसके पिता ने गांवों वालों से कहा कि मेरा बेटा ठीक है, कोई दिक्कत नहीं है। अब ज्यादा बीमार होने पर उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना के चारों पॉजिटिव मरीज कल्पना चावला मेडिकल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल हैं। डाॅक्टरों की टीम इलाज में लगी है।
1 मरीज बिरचपुर का है, जो मलेशिया से आया है
डीसी ने बताया कि बिरचपुर में कोरोना का पॉजिटिव मरीज मलेशिया से मार्च में यहां आया था। रिपोर्ट आने के बाद नजदीक के गांव बड़ौता, जाणी, समालखा व बुढ़पुर आबाद को बफर जोन घोषित किया है। जबकि स्वास्थ्यकर्मी शेखपुरा सोहाना की होने के कारण, शेखपुरा सोहाना, रांवर, पृथ्वी विहार व सूरज विहार को भी बफर जोन घोषित किया गया है। जिन गांवों को बफर जोन घोषित किया गया है, ग्रामीण घर से बाहर न निकलें, जरूरत की चीजें उनके घर पर ही उपलब्ध करवाई जाएंगी। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। सभी जिलावासियों के सहयोग की जरूरत है। अपने घरों में ही रहें, प्रशासन का सहयोग करें।
टीम ने डाॅक्टरों से की पूछताछ
रोहतक मेडिकल कॉलेज से तीन सदस्यीय डाॅक्टरों की टीम करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में पहुंची। टीम के सदस्यों ने स्वर्गीय ज्ञान सिंह का इलाज करने वाले डाॅक्टरों से पूछताछ की। टीम ने ज्ञान सिंह की पूरी केस हिस्ट्री के बारे में जानकारी ली। टीम ने यह भी जाना की कहीं इलाज में चूक तो नहीं हुई। उधर, आईएमए ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो मेडिकल कॉलेज में निजी अस्पतालों के डॉक्टरों की भी सेवा ली जाएगी।
39 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है
करनाल जिले में अब तक कोरोना वायरस के 140 संदिग्ध की रिपोर्ट खानपुर मेडिकल कॉलेज में जांच के लिए भेजी जा चुकी है। 96 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। पांच की पॉजिटिव आ चुकी है। इनमें एक की मौत हो चुकी है। 39 संदिग्ध की रिपोर्ट आनी बकाया है। पिछले दो दिनों में करनाल जिले में 46 संदिग्ध मरीज दाखिल हुए हैं। दो दिन में सबसे ज्यादा मरीज आए हैं।
14 गांव की करीब 45 हजार आबादी को किया सील
रसीन सहित आसपास के पांच गांवों काे तीन दिन पहले ही सील कर दिया था। इसके बाद बिरचपुर के पांच और शेखपुरा सोहाना के चार गांवों को सील किया जा चुका है। गांव के सभी मुख्य रास्तों पर पुलिस तैनात कर दी है। गांव में गलियों में लोग ठीकरी पहरा दे रहे हैं। किसी को भी गांव से बाहर आने की इजाजत नहीं है। बाहर के किसी भी व्यक्ति को गांव के अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। शेखपुरा सुहाना बिरचपुर गांव के सभी लोगों की स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। गांवों के लोगों को राशन सहित अन्य सामग्री पंचायत और प्रशासन के सहयोग से उपलब्ध करवाई जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2wkHv3F
via IFTTT