कोरोना पॉजिटिव युवक के भाइयों, बेटा-बेटी सहित 12 सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव

जिले में पहला कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद सकते में आए प्रशासन और लोगों के लिए अच्छी खबर है निडानी में मिले कोरोना पॉजिटिव युवक के माता-पिता, भाई, बेटा-बेटी सहित कई परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। खानपुर मेडिकल काॅलेज से इस सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद निडानी के साथ-साथ आसपास गांवाें के लोगों ने राहत की सांस ली है।


बुधवार को खानपुर मेडिकल कॉलेज से भेजे गए सैंपलों में से 16 की रिपोर्ट आई है। सभी रिपोर्ट निगेटिव है। निडानी गांव के युवक के परिजनों की इसमें कुल 12 रिपोर्ट है। जबकि एक नरवाना, एक रामनगर और हाट के युवक और एक निडानी के अन्य व्यक्ति की है। इस व्यक्ति का सैंपल सोमवार को लिया गया था। निडानी के लोगों की निगेटिव रिपोर्ट आने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी काफी खुश हैं। उनका कहना है कि यह अच्छी खबर है लेकिन अभी भी परिवार के 3-4 सदस्यों की रिपोर्ट आनी बाकी है। इसके बाद ही स्थिति पर कुछ कहा जा सकता है।


7 और सैंपल पीजीआई भेजे

जिला स्वास्थ्य विभाग ने 7 और सैंपल बुधवार को जांच के लिए पीजीआई खानपुर भेजे हैं। इसमें 3 सैंपल स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार रात को लिए गए थे। जबकि 4 सैंपल बुधवार को लेकर भेजे गए।

डाकघर के कर्मचारियों की डॉक्टरों ने जांच की

शहर के मुख्य डाकघर के कर्मचारी बुधवार को भयभीत हो गए। ये लोग 21 मार्च को निडानी गांव में कोरोना पॉजिटिव मिले युवक के परिवार में हुई एक शादी में शामिल हुए थे। इनमें से कइयों ने अस्पताल पहुंचकर जांच कराई तो कइयों की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। निडानी के युवक की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद डाकघर के कर्मचारियों को इसका पता लगा तो वे घबरा गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने शादी में जाने वाले 7 कर्मचारियों को होम क्वारेंटाइन किया है।

ये भी जानिए,कोरोना को लेकर जिले की अपडेट

जिले में कुल लोग जो सर्विलांस पर हैं 1230
होम आइसोलेट किया 1120
आइसोलेशन वार्ड में दाखिल 30
मरीजों के सैंपल लिए 40
रिपोर्ट आई 29
निगेटिव 28
पॉजिटिव 01
पेंडिग रिपोर्ट 11
फ्लू कॉर्नर पर जांच के लिए पहुंचे 1450
  • बुधवार को कुल 16 व्यक्तियों के सैंपल की खानपुर मेडिकल काॅलेज से रिपोर्ट आई है। सभी रिपोर्ट निगेटिव हैं। इसमें कई सैंपल कोरोना पॉजिटिव पाए गए युवक के परिजनों के थे। 3 सैंपल जांच के लिए मंगलवार रात को और 4 सैंपल बुधवार रात को पीजीआई खानपुर भेजे गए हैं।डाॅ. जयभगवान जाटान, सिविल सर्जन

कोरोना संक्रमण रोकने को अस्पताल में लगाया सेनिटाइजर चैंबर

जींदसिविल अस्पताल में आने वाले मरीजों व अन्य लोग कोरोना से संक्रमित न हों। इसको रोकने के लिए बुधवार देर शाम को इमरजेंसी वार्ड के मुख्य गेट के सामने जिला प्रशासन द्वारा सेनिटाइजर चैंबर लगाया गया है। इसके अंदर से आवागमन होने से कोरोना का संक्रमण न होगा। देर शाम को डीसी डाॅ. आदित्य दहिया ने इसको चालू कर इसका शुभारंभ किया। इस मौके पर उचाना के एसडीएम राजेश कोथ, सिविल सर्जन डाॅ. जयभगवान जाटान, डिप्टी सिविल सर्जन डाॅ. पालेराम कटारिया, एसएमओ डाॅ. गोपाल गोयल, डिप्टी एमएस डाॅ. राजेश भोला, डेंटल सर्जन डाॅ. रमेश पांचाल सहित कई चिकित्सक उपस्थित रहे।

10 मिनट के अंदर 500 व्यक्ति सेनिटाइज हो सकते हैं

20 फीट लंबे 6 फीट चौड़े और 9 फीट हाइट के इस सेनिटाइजर में 10 मिनट के अंदर 500 व्यक्ति सेनिटाइज हो सकते हैं। अस्पताल में आने जाने वाले हर व्यक्ति और स्वास्थ्य कर्मी, डॉक्टर इसी सेनिटाइजर चैंबर से अस्पताल में एंट्री करेंगे। इससे वे खुद को कोरोना से सुरक्षित रहेंगे। डीसी डाॅ. आदित्य दहिया ने कहा है कि इस सेनिटाइजर चैंबर के लगने से काफी फायदा होगा। अस्पताल कोरोना को लेकर संवेदनशील स्थल है और यह यहां पर लगना काफी जरूरी था।

निडानी की सरपंच ने 5 लोगों पर लगाया माहौल खराब करने का आरोप

निडानी गांव की महिला सरपंच पुष्पा ने 5 लोगों के खिलाफ गांव में माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। इसको लेकर उन्होंने डीआईजी अश्विन शैणवी को शिकायत देकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस पर डीआईजी अश्विन शैणवी ने कहा है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और किसी को भी गांव का माहौल खराब होने की इजाजत नहीं दी जाएगी। निडानी गांव की सरपंच पुष्पा ने डीआईजी अश्विन शैणवी को दी शिकायत में बताया कि उनके गांव में कोरोना वायरस का एक केस पॉजीटिव मिला है, इसलिए गांव संवेदनशील बना हुआ है और ग्रामीण भी भय के साए में जी रहे हैं।

गांव का कोई भी व्यक्ति बाहर नहीं निकल रहा

गांव का कोई भी व्यक्ति बाहर नहीं निकलता और उनका परिवार भी अपने घर में ही रहता है। आरोप लगाया कि गांव के ही 5 लोग उनके परिवार के बारे में अनाप-शनाप बोल रहे हैं और गांव में माहौल खराब कर रहे हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि उनके परिवार को उक्त लोगों से खतरा है। वह लोग उनके परिवार के साथ मारपीट भी कर सकते हैं, इसलिए उनके परिवार की सुरक्षा की जाए और उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
जींद. शहर के मुख्य डाकघर में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम कर्मचारियों की जांच करते हुए।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ectyGb
via IFTTT