चंडीगढ़ में वीरवार को भी चंडीगढ़ में कोरोना का कोई नया केस सामने नहीं आया है। पंजाब में वीरवार को कोरोना से 2 और की मौत हो गई। जालंधर में 59 वर्षीय व्यक्ति प्रवीण शर्मा ने दम तोड़ दिया। वह 5 अप्रैल को भर्ती हुए थे। लुधियाना में बुधवार को बरनाला की जिस 52 वर्षीय महिला कर्मजोत कौर की मौत हुई थी। उनकी वीरवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसे 6 अप्रैल को खांसी व बुखार के चलते भर्ती कराया गया था। चिंताजनक बात यह है दोनों मृतक कैसे संक्रमित हुए थे इसका सोर्स पता नहीं चल पाया है। अब तक 17 जिलों में 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
वीरवार को 16 नए केस आए
वीरवार को 16 नए केस आए। मानसा में 6, जालंधर में 3, लुधियाना व संगरूर में 2, अमृतसर, बरनाला, व मोहाली में एक-एक केस आया। आंकड़ा अब 131 पहुंच गया है। वहीं हरियाणा में चार नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। प्रदेश के 22 जिलों में से 18 तक कोरोना पहुंच गया है। वीरवार को झज्जर जिले में कोरोना का यह पहला मामला सामने आया है। दिल्ली के महाराजा अग्रसेन अस्पताल में काम कर रहीं बहादुरगढ़ की नर्स कोरोनावायरस से संक्रमित हो गई हैं। प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या चार बढ़कर 160 से 164 हो गई है। इनमें 108 जमाती हैं।
मानसा में तब्लीगियों से अब तक 11 संक्रमित
मानसा के बुढ़लाड़ा में भी पॉजिटिव लोगों की चेन बनने लगी है। दिल्ली मकरज से लौटे 10 तब्लीगियों में से 5 की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इनके संपर्क में आने से 11 लोग संक्रमित हो चुके हैं। सभी तब्लीगी जमात के हैं। वीरवार को 6 नए केस आए। वार्ड-4 जहां तब्लीगी जमात के लोग ठहरे थे वहां एक परिवार के दंपती समेत 2 बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लड़के की 12 व लड़की की उम्र 14 साल है। वार्ड-2 में भी सास व बहू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
हरियाणा में पहली बार 6 तब्लीगियों पर एफआईआर, दिल्ली से लौटने के बाद छिपे हुए थे
यमुनानगर में जब्लीगी जमात से लौटने के बाद पुलिस को इसकी सूचना न देने वाले 6 जमातियों पर यमुनानगर थाने में पुलिस ने केस दर्ज किया है। इनमें से एक अमीर दयालगढ़ निवासी अब्दुल कलाम उर्फ अदरीश ने पुलिस को बताया कि लापरा के कुछ लोग उनके साथ जमात में गए थे। वे अपने घर में छिपे बैठे हैं। इसके बाद पुलिस लापरा पहुंची। यहां जमात में गए सादीन, आरिफ, शहजाद, नफीस, जीशान व मोहम्मद इंतजार को चेक किया। पुलिस ने उन्हें वहीं हिरासत में ले लिया था। इसके बाद उन्हें अस्पताल में लाया गया। वहां उनका चेकअप हुआ और आइसोलेशन वार्ड में ही इन्हें रखा गया है। अब इनका काेरोना टेस्ट होगा।
उधर, गुड़गांव में इटली की महिला की मेदांता में मौत
गुड़गांव में गुरुवार को कोरोनावायरस से संक्रमित 76 वर्षीय इटली निवासी महिला की मौत हो गई। महिला को मेदांता अस्पताल में 5 मार्च से एडमिट कराया गया था। गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। महिला को 13 अन्य इटली पर्यटकों के साथ भर्ती करवाया गया था। 14 में से 13 संक्रमितों को ठीक होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। 24 घंटे में गुड़गांव में बीमारी से यह दूसरी मौत है। इससे पहले मौत का पहला मामला बुधवार को सामने आया था। फाजिलपुर निवासी 63 वर्षीय बुजुर्ग की प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई थी।
हिमाचल प्रदेश में फंसे हैं 287 देशी-विदेशी सैलानी, केंद्र सरकार से मांगी इन्हें भेजने के लिए मदद
कर्फ्यू के दौरान हिमाचल में 287 पर्यटक फंस गए हैं। इनमें से 147 भारतीय और 140 सैलानी विदेशी हैं। पर्यटन विभाग ने हिमाचल में फंसे इन पर्यटकों की सूचना केंद्र सरकार को दे दी है। केंद्र से मिलने वाले अगले आदेशों तक ये पर्यटक जहां हैं, वहीं रहेंगे। कर्फ्यू हटने तक हिमाचल में फंसे इन पर्यटकों की देखरेख की पूरी जिम्मेदारी पर्यटन निगम और संबंधित होटल कारोबारियों की रहेगी। सरकार ने इनके रहने व खाने-पीने की पूरी व्यवस्था करने के आदेश जारी किए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2JVruV4
via IFTTT