नाढोड़ी से भूना मार्ग पर शनिवार की देर शाम को अलग-अलग दो सड़क दुर्घटनाओं में दो बच्चों सहित 12 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल करवाया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण सभी को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पहली घटना करीब शाम के करीब साढे सात बजे हुई। दो मोटर साइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में 5 लोग घायल हो गए। जिसमें नाढोड़ी निवासी सुनील कुमार, तिजोबाई, सुमन देवी को गंभीर चोटें आई हैं। जबकि दूसरे पक्ष के मनजीत सिंह निवासी फुलां व राधन निवासी भूना घायल हो गए हैं। सुनील कुमार ने बताया कि वह अपने मोटरसाइकिल पर गांव नाढोड़ी जा रहा था तो सामने से दूसरे बाइक चालक ने अनियंत्रित होकर सीधी टक्कर मार दी। इस घटना में पांचों घायलों को फतेहाबाद व अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
वहीं दूसरी घटना करीब सवा आठ बजे हुई। जिसमें दो बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए हैं। जींद के गांव इंटर खुर्द निवासी घायल सुखविंदर सिंह ने बताया कि वह मोटर साइकिल पर पत्नी सीटू व 6 साल के बेटे मंजीत तथा 2 साल की बेटी माही को लेकर अपनी ससुराल गांव ढाणी रायपुर जा रहा था। तूड़ी से भरी गाड़ी को ओवरटेक करते हुए सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उनका मोटरसाइकिल टकराया। जिसमें उसकी पत्नी व दोनों बच्चों तथा उसे गंभीर चोटें आई हैं। दूसरे मोटरसाइकिल चालक गैबीपुर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह गांव हसंगा में एक धार्मिक डेरे से वापस अपने गांव जा रहे थे। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह नैन ने बताया कि घायलों के बारे में पुलिस के पास अभी कोई सूचना नहीं आई है। अस्पताल से रिपोर्ट आने के बाद घायलों के बयान लेकर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XfBGPE
via IFTTT