लॉकडाउन 3.0 के तहत दुकानों को खोलने की छूट मिलने के बाद दुकानदार जिला प्रशासन व सरकार की ओर से जारी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। बाजार में दुकानदारों द्वारा नियमों का पालन न करने पर सोमवार को जिले भर में 45 दुकानों व 3 सीएससी केंद्रों के चालान काटे गए। इनमें नगर परिषद फतेहाबाद ने 17, नगर पालिका रतिया ने 19 व टोहाना नगर परिषद की टीम ने 9 दुकानों व 3 सीएससी के चालान काटे हैं।
दुकानदारों ने दिखावे के लिए दुकानों के बाहर गोल दायरे तो लगा दिए, लेकिन उनका प्रयोग नहीं हो रहा है। दुकानदार न तो खुद सोशल डिस्टेंस का पालन कर रहे हैं, न ही ग्राहकों से करवा रहे हैं। मास्क पहनने को लेकर भी लोग अभी तक गंभीर नहीं हुए है। जिससे सारे नियम टूटते नजर आ रहे हैं। यह लापरवाही किसी भी समय खतरनाक साबित हो सकती है। रतिया में भी बाजारों में लोग व दुकानदार सोशल डिस्टेंस के नियमों का बिल्कुल पालन नहीं कर रहे हैं। जन धन की दूसरी किश्त आने के बाद अब बैंकों में फिर से भीड़ होने लगी है।
बाजारों में दुकानदार सोशल डिस्टेंस, मास्क व सेनिटाइजर संबंधी नियमों का पालन कर रहे है या नहीं, इसे लेकर नगर परिषद की टीम ने बाजारों का दौरा किया। जिसमें काफी चिंताजनक बातें सामने आई। दुकानदार नियमों का पालन करते दिखाई नहीं दिए। किसी दुकान पर अंदर ही काफी तादाद में ग्राहक खड़े थे तो कहीं पर बिना मास्क के ही दुकानदार बैठे थे। इस पर नगर परिषद की टीम ने नियमों की अवहेलना करने के मामले में 17 दुकानदारों के चालान काटे हैं।
नगर परिषद के सफाई निरीक्षक मुकेश कुमार शर्मा, सफाई दरोगा ईश्वर दत्त, सुशील कुमार की टीम ने शिवालय मार्केट तथा जेई सुशील कुमार के नेतृत्व में टीम ने हंस मार्केट का जायजा लिया। इस दौरान देखा गया कि दुकानों पर सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं हाे रहा था। कई दुकानों पर सेनिटाइजर व हाथ साफ करने के लिए साबुन भी नहीं था। टीमों ने ऐसे 17 दुकानदारों के चालान काटे हैं।
नगर परिषद ने इनके काटे चालान
नगर परिषद ने शिवालय मार्केट में कन्हैया बीज भंडार, गोयल एग्रीकल्चर, उत्तम सीड्स, शिवशंकर करियाना स्टोर, हंस मार्केट में हरिओम सब्जीवाला, दीपक किरयाना, मदन किरयाना, न्यू जय सिंह एंड कंपनी, श्री श्याम एंड कंपनी सहित अन्य दुकानों के चालान काटे हैं।
बिना मास्क के घूम रहा था युवक, केस दर्ज
शहर के तुलसीदास चौक के पास बिना मास्क घूम रहे युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने पवन उर्फ पोंडली निवासी नजदीक शनि मंदिर को काबू कर लिया। आरोप है कि पवन बेवजह बिना मास्क के घूम रहा था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3bjcAD3
via IFTTT