जगाधरी और यमुनानगर की सब्जी मंडी सात दिन बाद सोमवार को खुली। मंडी खोलने के लिए जो नियम बनाए गए थे, उन पर आढ़ती और यहां आने वाले खरे उतरते दिखे। वॉलंटियर के तौर पर यहां अपनी टीम के साथ काम कर रहे भाजपा के प्रदेश सह प्रवक्ता भारत भूषण जुयाल और भाजयुमो जिला मीडिया प्रभारी बांके अरोड़ा रविवार रात आठ बजे से ही यहां तैनात थे। रात से ही हर गाड़ी को सेनिटाइज किया जा रहा था।
रात भर सब्जी और फलों से भरी गाड़ियां आती रहीं सभी काे सेनिटाइज कर उन्हें आगे जाने दिया गया। अल सुबह यहां सब्जी और फल खरीदने के लिए दुकानदार और रेहड़ी वाले पहुंचे तो उन्हें मास्क लगा हाेने पर और पूरी जांच के बाद एंट्री दी गई। वहीं मंडी में पहली बार सोशल डिस्टेंसिंग देखने को मिली। वहीं सभी मास्क पहने दिखे। हालांकि कहा जा रहा है कि मंडी एक सप्ताह बाद खुली है, सभी लोगों को इस बात का पता नहीं था। वहीं बहुत से लोग दूसरी मंडियों से माल मंगवाने लगे थे। इससे यहां पर भीड़ नहीं जुटी। आगामी दिनाें में यहां पहले जैसे हालात हो सकते हैं। उधर, मंडी बंद होने से जिन दुकानदारों और रेहड़ी वालों ने सब्जी बेचनी बंद कर दी थी, उन्हाेंने सोमवार को काराेबार शुरू कर दिया।
सभी ने नियम माने
सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अमृत वधावन ने बताया कि मंडी के लिए जो भी नियम बनाए गए हैं, सभी ने उनकी पालना की है। हर व्यक्ति मास्क पहन कर आया। उनका कहना है कि यह बात सही है कि कई दिन बाद मंडी खुलने से कम सब्जी और कम लोग ही आए थे। लेकिन हमने यहां पूरा सिस्टम बना दिया है। अब किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
इसलिए बंद करनी पड़ी थी मंडी
एक आढ़ती के कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद यमुनानगर और जगाधरी मंडी को 4 दिन के सील किया गया था, लेकिन बाद में तीन दिन और बढ़ा दिए थे। इस तरह से कुल सात दिन मंडी बंद रही थी। इस दौरान बहुत से व्यापारी मंडी से बाहर सब्जी की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। जिससे शहर में सब्जी और फलों की किल्लत नहीं हुई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YP8AYy
via IFTTT