उद्योगों में उत्पादन नहीं हो पा रहा शुरू, तकनीकी स्टाफ की भी खल रही कमी

जिला ओरेंज जोन में है। इस कारण लॉकडाउन-3 में सरकार की ओर से उद्योगों को शुुुरू करने की छूट दी गई है। कारोबारियों के सामने दिक्कत ये है कि श्रमिकों के अभाव में इंडस्ट्री शुरू कैसे करें। काफी लेबर यहां से पलायन कर चुकी है। दूसरी समस्या कच्चे माल की आपूर्ति को लेकर इनके सामने आ रही है। कारोबारियों का कहना है कि दोनों के अभाव में उद्योग अभी शुरू नहीं किए जा सकते। सरकार की ओर से पर्याप्त छूट दी गई है। इसके बावजूद उद्योगों में उत्पादन शुरू नहीं हो पाया है।
उत्पादन करने पर सरकार का जोर | अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार पूरा प्रयास कर रही है। इसके लिए हरसंभव जोर लगाया जा रहा है। सरकार की ओर से निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले उद्योगों को चलाने की परमिशन दी गई है। मेटल से जुड़े कई कारोबारी फिर भी 17 मई का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद सरकार क्या फैसला लेती है, उसी अनुसार ये उद्योग शुरू करने का निर्णय लेंगे।
 कारोबारियों काे सरकार की ओर से सभी तरह के कारोबार शुरू करने के लिए प्रशासन की ओर से सहयोग देने का आश्वासन दिया जा रहा है। यहां तक तक कोरोना से संबंधित कोई केस मिलता है तो संचालकों को किसी प्रकार की कार्रवाई में शामिल नहीं किया जाएगा। इसके बाद भी उद्यमी उद्योग चलाने को लेकर हौसला नहीं कर पा रहे हैं।
स्पेयर पार्ट की भी है कमी | संचालकों का कहना है कि मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री उत्पादन शुरू करने के लिए स्पेयर पार्ट की भी जरूरत होती है। कोई भी उद्योग इतना सक्षम नहीं कि अपने यहां इनका उत्पादन करे। हर इंडस्ट्री स्पेयर पार्ट के लिए दूसरे पर निर्भर होती है। इन दिनों लॉकडाउन है। दूसरे जिलों से स्पेयर पार्ट नहीं आ रहे हैं। हर दूसरी फैक्टरी में इसकी कमी है। ये भी इसका बड़ा कारण है कि उत्पादन शुरू करने में दिक्कत हो रही है।
कच्चे माल की आपूर्ति में भी दिक्कत | कारोबारियों का कहना है कि अधिकतर फैक्टरी ऐसी हैं जहां कच्चा माल नहीं है। जब तक कच्चा माल नहीं आएगा, वे लोग फैक्टरी में तैयार क्या कराएंगे। कच्चे माल के लिए दिल्ली सहित अन्य राज्यों पर निर्भर रहते हैं। लॉकडाउन में किसी प्रकार का कच्चा माल नहीं आ पा रहा है। इसकी कमी में उत्पादन शुरू नहीं किया जा सकता।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3fHfoNF
via IFTTT