गोदृामों और मंडी में आई सरसों के स्टॉक के सत्यापन के लिए टीमें गठित

जिले में गेहूं व सरसों की खरीद प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। उपायुक्त शिवप्रसाद के आदेशानुसार अब गोदामों व मंडी में आई सरसों के स्टॉक का सत्यापन किया जा रहा है। इसके लिए जिला की मंडियों के अनुसार अधिकारियों की टीमें गठित कर दी गई हैं।


उपायुक्त शिवप्रसाद शर्मा ने आज बताया कि सभी खरीद एजेंसियों, मार्केट कमेटी व खाद्य एवं पूर्ति विभाग को ये निर्देश दिए गए थे कि फसलों की खरीद और उनके भंडारण का काम पारदर्शी ढंग से होना चाहिए। खरीद के लिए दादरी में नई व पुरानी मंडी सहित 15 केंद्र बनाए गए थे। अब खरीद का काम लगभग समाप्त हो चुका है। इसलिए प्रशासन ने सरसों के स्टॉक और उसका खरीद रिकार्ड के अनुसार सत्यापन करवाए जाने का निर्णय लिया है। इस कार्य के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।


उन्होंने बताया कि दादरी व बाढड़ा एसडीएम के अधीन मंडियों के लिए स्टॉक के भौतिक सत्यापन के लिए टीमें बनाई गई हैं। इस संदर्भ में शनिवार सुबह उपायुक्त ने अपने कैंप ऑफिस में अधिकारियों की मीटिंग बुलाई थी। उपायुक्त के आदेश अनुसार दादरी के नायब तहसीलदार सतपाल सिंह, खाद्य निरीक्षक कृष्ण कुमार, विकास कुमार, हैफेड के विरेंद्र कुमार एवं हरियाणा वेयर हाऊस के राजेश ग्रेवाल की टीम दादरी शहर की पुरानी और नई मंडी, चरखी तथा ढाणी फौगाट की मंडियों का रिकार्ड व स्टॉक का निरीक्षण करेंगी। झोझूकलां के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुभाष शर्मा, खाद्य निरीक्षक यक्ष कुमार, रामकिशन व हैफेड प्रबंधक राजहंस दलाल जावा, चिड़िया, अटेला व झोझूकलां खरीद केंद्रों का रिकार्ड देखेंगे। बौंद के नायब तहसीलदार नरेश कुमार, मंडी सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह, खाद्य निरीक्षक सुरेंद्र सिंह व हैफेड के रामनारायण रानीला, झिंझर एवं इमलोटा मंडी के स्टॉक का सत्यापन करेंगे।

बाढड़ा के नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, खाद्य निरीक्षक बिजेंद्र , मंडी सुपरवाइजर अनिल कुमार, हैफेड के निरीक्षक राजीव सीलवाल को बाढड़ा व हड़ौदी मंडी के निरीक्षण का काम सौंपा गया है। बाढड़ा के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुमित बेनीवाल, मंडी सुपरवाइजर जयप्रकाश व हरियाणा वेयरहाउस के संदीप नांगल बेरला एवं कादमा मंडी का कार्य देखेंगे। उपायुक्त ने कहा है कि दादरी एसडीएम डाॅ. विरेंद्र सिंह एवं बाढड़ा एसडीएम प्रीतपाल सिंह अपने-अपने क्षेत्र में इन टीमों के कार्य की देखरेखकरेंगे। ये टीमें 31 मई को अपनी रिपोर्ट देंगी।

उल्लेखनीय है कि दादरी जिला में 64 हजार 149 मीट्रिक टन गेहूं व 76 हजार 474 मीट्रिक टन सरसों की खरीद हो चुकी है। इसमें हैफेड ने 35 हजार 91 टन गेहूं व 23 हजार 156 टन सरसों, हरियाणा वेयरहाउस ने 25 हजार 818 टन गेहूं एवं 53 हजार 318 टन सरसों की खरीद की है। एफसीआई ने 3240 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा है। जिला के 6 हजार 683 किसान गेहूं और 26 हजार 646 किसान सरसों की बिक्री कर चुके हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3erBpii
via IFTTT