उत्तर प्रदेश के प्रवासियों को बसों में घर जाता देखकर बिहार के प्रवासी बिफरे, बोले- पैदल ही जाएंगे बिहार

मुलाना स्थित राधा स्वामी आश्रम में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के प्रवासियों को बस में सवार होकर घर जाता देख कर बिहार के प्रवासी ही घर जाने की जिद करने लगे। इतना ही नहीं बिहार के सभी प्रवासी अपना सामान उठाकर आश्रम के गेट पर पहुंच गए।

स्थिति को बिगड़ते देख वहां मौजूद समाजसेवियों ने उन्हें समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। इसी कारण से उत्तरप्रदेश जाने वाली बसों को भी रोक दिया गया कि कहीं ये प्रवासी गेट से बाहर न निकल जाएं। मामले की सूचना तुरंत मुलाना पुलिस को दी गई। सूचने मिलते ही मुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रवासियों को समझाने लगी। बिहार के प्रवासियों का कहना था कि यहां बिहार के काफी लोग पिछले 12 दिन से रुके हैं। उनका कहना था कि वीरवार को उन्हें कहा गया था कि आज शाम को ट्रेन जाएगी और उस ट्रेन में उन्हें भेज दिया जाएगा।

इसी कारण वे काफी देर धूप में बैठ कर बस का इंतजार करते रहे, लेकिन बाद में ट्रेन के रद्द होने की बात कह दी गई। उनका यह भी कहना था कि आज भी उन्हें नहीं भेजा गया है और अब वे पैदल ही बिहार के लिए जाएंगे। मुलाना पुलिस को बिहार का प्रवासियों को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और उन्हें आश्वासन भी दिया कि जल्द ही उन्हें बिहार भेज दिया जाएगा, तब जाकर बिहार के प्रवासी माने को वापस शेड में चले गए। उसके बाद वहां से सहारनपुर के लिए बसों को रवाना किया गया।

शेल्टर होम्स से 185 प्रवासी बिहार व 447 प्रवासी सहारनपुर के लिए भेजे

बराड़ा उपमंडल के अधीन आने वाले शेल्टर होम्स से शुक्रवार को 185 प्रवासी लोगों को बिहार व 12 बसों में 447 प्रवासियों को सहारनपुर के लिए रवाना किया गया। इसमें धीन स्कूल से 47 प्रवासियों को बिहार व 84 को सहारनपुर, सीरसगढ़ स्कूल से 39 को बिहार, राधा स्वामी आश्रम मुलाना से 11 को बिहार व 163 को सहारनपुर, राधा स्वामी आश्रम बराड़ा से 59 को बिहार व 11 को सहारनपुर, रविदास आश्रम सीरसगढ़ से 12 को बिहार व 89 को सहारनपुर, निरंकारी भवन बराड़ा से 5 को सहारनपुर व आर्य स्कूल मुलाना से 17 को बिहार व 95 को उत्तरप्रदेश के सहारनपुर के लिए रवाना किया गया। वहीं अभी भी बराड़ा उपमंडल के अधीन आने वाले शेल्टर होम्स में 891 प्रवासी ठहरे हुए हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
मुलाना | बिहार के प्रवासियों को समझाती पुलिस।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2A2181X
via IFTTT