एक मां पर उस वक्त क्या बीतती होगी जब उसका नन्हा बच्चा आंचल में आने को मचले और मां उससे दूरी बना ले या फिर एक पिता पर किस कदर चिंता होगी जब उसके अलावा परिवार के दोनों बच्चे और पत्नी कोरोना पाॅजिटिव हों। ये दो मर्मस्पर्शी कहानी रेवाड़ी जिले के 2 परिवारों की है जो इस समय झज्जर के वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज में कोरोना मरीज के रूप में अपना इलाज करा रहे हैं। इनमें एक 3 साल का बच्चा है, जो गुड़गांव में नौकरी करने वाले अपने पिता से कोरोना पॉजिटिव हुआ। शुक्रवार को इस परिवार को मेडिकल कॉलेज लाया गया और इसकी देखभाल के लिए और कोई नहीं उसकी मां रेवाड़ी से झज्जर आई, जिसकी रिपोर्ट पहले नेगेटिव आई थी। कॉलेज के जिस वार्ड में यह दोनों मां और बेटे मौजूद है वहां इन्हें देखकर अन्य मरीजों और परिवार जनों की आंखें भर आती है।
बच्चा अपनी मां की गोद में आने के लिए मचलता है तो मां कॉलेज प्रशासन द्वारा दिए गए खिलौने और दूध की बोतल लेकर उसे बहलाने का प्रयास करती है। मां ने बताया कि 3 साल का बेटा कभी भी उसके बिना नहीं सोया लेकिन यहां अब 2 दिन से उसके लिए रात काटना मुश्किल हो रही है। हालांकि यहां काउंसलर उसे समझाने का प्रयास करते हैं लेकिन एक मां का दर्द क्या होता है वही जानती है। महिला ने बताया कि उसका बच्चा जल्द से जल्द ठीक हो सके इसके लिए उसे दिल पर पत्थर रखकर ममता को त्यागना पड़ेगा। अब वो बच्चे को हर पल मास्क लगाए रखने अाैर बार-बार हाथ धोने की आदत डाल रही है।
मां और दोनों बच्चे संक्रमित, चाहकर भी नहीं रह पाते साथ
वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज में रेवाड़ी का ही एक परिवार ऐसा है जहां एक मां और उसके दो छोटे बच्चे कोरोना पॉजिटिव हैं। एक बच्चे की उम्र 1 साल और दूसरे की 2 साल है। जब यह महिला अस्पताल में आई तो काफी डरी हुई थी, लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे हिम्मत दी और कहा कि वह अपनी पॉजिटिव सोच रखें तब जल्द ही स्वस्थ होकर घर लौटेगी।
महिला ने बताया कि उसके पति गुड़गांव से संक्रमित हाेकर घर पहुंचे, जिससे बाकी सदस्य भी संक्रमित हाे गए। अब यह महिला अपने दोनों छोटे बच्चों के साथ होने पर भी लंबे समय तक इनके साथ नहीं रह पाती। दोनों बच्चे अपनी मां के साथ ही बेड पर सोने को मचलते हैं लेकिन मां उन्हें खेल खेल में थकाकर सुला देती है और फिर दूसरे बेड पर जाकर सोती है।
दवा के साथ महामृत्युंजय जप का लाभ ले रहे हैं रोगी : वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज के कोऑर्डिनेटर अहमद ने बताया कि यहां सभी मरीजों को दवा के साथ-साथ महामृत्युंजय जप का भी लाभ दिया जा रहा है ताकि उनमें एक पॉजिटिव सोच आए। सभी मरीजों से महामृत्युंजय जाप करवाया जाता है। इसके साथ ही कपालभाति और योग के आसन भी नियमित रूप से मरीजों से करवाए जा रहे हैं। इसके लिए एक अलग से ही योगा विशेषज्ञ की ड्यूटी यहां लगी हुई है।
130 पॉजिटिव मरीज आए, 90 ठीक होकर लौटे : बताया गया कि वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज में झज्जर, गुड़गांव, महेंद्रगढ़, नारनाैल, रेवाड़ी और चरखी दादरी से अभी तक 130 कोरोना पॉजिटिव के मरीज भर्ती किए गए हैं। इनमें से 90 मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है और वह ठीक होकर घर जा चुके हैं। अब 40 मरीजों का यहां इलाज किया जा रहा है। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग हरियाणा ने कॉलेज को कोविड-19 अस्पताल घोषित किया गया है। यहां 300 बेड की व्यवस्था की गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hs6epq
via IFTTT