भाजपा जिलाध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार की होंडा सिटी कार में सवार बेटे अमित कुमार को उसके साथी कलथनाथ को 60 ग्राम हेरोइन (चीटे) तस्करी के मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने पकड़ा है। एसटीएफ ने शनिवार शाम को गृहमंत्री अनिल विज की शास्त्री कॉलोनी के पास रेड लाइट पर नाकेबंदी की थी। दिल्ली से हेरोइन लेकर जैसे ही होंडा सिटी रेड लाइट शास्त्री कॉलोनी पर पहुंची तो पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। अम्बाला सिटी के सेक्टर-7 में रहने वाले अमित कुमार से जहां 40 ग्राम तो वहीं मानव चौक पर रहने वाले कलथनाथ से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने भाजपा नेता के बेटे और उसके साथी के खिलाफ पड़ाव थाने में नशा तस्करी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जिलाध्यक्ष के आरोपी बेटे अमित कुमार को पहले भी 31 मार्च 2019 को सीआईए टू पंजाब की टीम गिरफ्तार कर चुकी है। एक मई को डेराबस्सी पुलिस स्टेशन में अमित कुमार के खिलाफ 30 ग्राम हेरोइन तस्करी का मामला दर्ज हुआ था। एसटीएफ की माने तो पूछताछ के दौरान आरोपी अमित ने खुलासा किया है कि हेरोइन को वह दिल्ली से लेकर आया है। एसटीएफ की ओर से पकड़ी गई हेरोइन की कीमत करीब तीन लाख के आसपास बताई जा रही है। अमित अब दिल्ली से लाई गई हेरोइन को कहां पर सप्लाई करने जा रहा था, इसकी पूछताछ जारी है।
हेरोइन तस्करी में भाजपा जिलाध्यक्ष जगमोहन लाल के नाम रजिस्टर होंडा सिटी इस्तेमाल की जा रही थी। गाड़ी का जनवरी 2015 में रजिस्ट्रेशन हुआ था। इसलिए पुलिस ने गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। पक्ष जानने के लिए जब भाजपा जिलाध्यक्ष से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन कॉल रिसीव नहीं की गई। एसएचओ रजनीश ने बताया कि रविवार को पड़ाव पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी।
गुप्त सूचना मिली थी : डीएसपी
कुलभूषण, इंचार्ज, डीएसपी, एटीएफ, अम्बाला ने कहा कि हमें गुप्त सूचना मिली थी कि होंडा सिटी कार में दो तस्कर आ रहे हैं जो हेरोइन को तस्करी करते हैं। इसलिए एसटीएफ ने शनिवार शाम को शास्त्री कॉलोनी कट पर लगी रेड लाइट की नाकेबंदी करके जब कार को रोका और पूछताछ की तो अमित कुमार के पास से 40 ग्राम और दूसरे आरोपी कलथनाथ के पास से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। कमलनाथ मूलरूप से उत्तर प्रदेश में गौंडा के गांव बटोरा बखतावर का रहने वाला है और वहां पर मेहनत मजदूरी करता था। कुछ समय से मानव चौक पर आकर रह रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3d6RRnb
via IFTTT